
युवती का शव कमरे में मिला, रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में मिला इंजीनियर का शव; परिवार ने हत्या के आरोपों पर उठाए सवाल
हरियाणा के गुरुग्राम में भिलाई निवासी 25 वर्षीय AI इंजीनियर श्रेष्ठ मलिक और उसकी सहकर्मी इशाका की मौत का मामला रहस्य बन गया है। गुरुग्राम पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि श्रेष्ठ ने पहले अपनी गर्लफ्रेंड इशाका की चाकू मारकर हत्या की और इसके बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, श्रेष्ठ के परिजनों ने इस आशंका को खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, श्रेष्ठ मलिक दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र का रहने वाला था और गुरुग्राम के सेक्टर-59 स्थित एक निजी कंपनी में AI इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। उसी कंपनी में उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली इशाका भी नौकरी करती थी। दोनों की पहचान कंपनी में हुई थी और बताया जा रहा है कि घटना से तीन दिन पहले इशाका श्रेष्ठ के साथ सेक्टर-55 स्थित एक पीजी में रहने आई थी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब इशाका के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि वह लगातार फोन नहीं उठा रही है। पुलिस बताए गए पते पर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर इशाका का शव खून से लथपथ हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर चाकू के कई वार पाए गए। मौके से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उसी कमरे में श्रेष्ठ मलिक भी रहता था, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं था। इसी बीच जानकारी मिली कि 11 जुलाई को गुरुग्राम के रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव दो हिस्सों में मिला था। मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई। जीआरपी ने उसके परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार भिलाई से गुरुग्राम पहुंचा और पोस्टमॉर्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।
श्रेष्ठ के पिता दीपक मलिक ने बेटे पर लगे हत्या के आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि उनका बेटा ऐसा नहीं कर सकता। उनका दावा है कि 11 जुलाई को श्रेष्ठ ने अपने भाई को फोन कर बताया था कि एक लड़की उसे धमकी देकर गई है, लेकिन उसने उस लड़की की पहचान या विवाद की वजह नहीं बताई थी। परिवार का कहना है कि उन्हें इशाका के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पुलिस फिलहाल दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, पीजी और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा फोरेंसिक रिपोर्ट की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती परिस्थितियां हत्या के बाद आत्महत्या की ओर इशारा करती हैं, लेकिन अंतिम निष्कर्ष वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।
