साईंस कालेज में डॉ. निगार अहमद की सेवा निवृत्ति पर रंगारंग बिदाई समारोह आयोजित

Spread the love

दुर्ग। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय दुर्ग की अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. निगार अहमद की स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति पर महाविद्यालय के स्टॉफ क्लब के तत्वावधान में रंगारंग बिदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के लगभग 100 से अधिक प्राध्यापक, कर्मचारी एवं स्नाकोत्तर छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। यह जानकारी देते हुए महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं स्टॉफ क्लब की प्रभारी डॉ. ज्योति धारकर ने संयुक्त रूप से बताया कि लगभग 38 वर्षों से अधिक की शासकीय सेवा पूर्ण करने के पश्चात् आज 31 जुलाई को डॉ. निगार अहमद ने व्यक्तिगत कारणों से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली।

सरस्वती पूजन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ आरंभ हुए बिदाई समारोहों का संचालन अंग्रेजी की सहायक प्राध्यापक डॉ. सीमा पंजवानी ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ज्योति धारकर ने किया। डॉ. निगार अहमद के सम्मान में अपने विचार व्यक्त करने वालों में अंग्रेजी की सहायक प्राध्यापक डॉ. तरलोचन कौर संधू, भूगर्भशास्त्र के प्राध्यापक डॉ. प्रशांत कुमार श्रीवास्तव तथा कार्यालयीन प्रमुख श्री संजय यादव शामिल थे। सभी वक्ताओं ने डॉ. निगार अहमद को सौम्य, सुशील मृदु भाषी एवं उत्कृष्ट शिक्षक निरूपित करते हुए उनके दीर्घ आयु होने की कामना की। बिदाई समारोह में मंच पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जगजीत कौर सलूजा, डॉ. निगार अहमद के जीवन साथी इंजीनियर निजाम अहमद, उनके पुत्र फैजान अहमद, पुत्री अंशा अहमद तथा भ्राता श्री मसीह सिद्दीकी भी उपस्थित थे। महाविद्यालय परिवार की ओर से डॉ. निगार अहमद को श्रीफल, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

अपने संबोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने डॉ. निगार अहमद को समर्पित शिक्षक एवं एक अच्छा इंसान निरूपित करते हुए उनके उज्जवल एवं शांति प्रिय भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी। अपने सम्मान के प्रति उत्तर में डॉ. निगार अहमद ने जशपुर में अपनी पदस्थापना से लेकर साईंस कालेज, दुर्ग में अंतिम पदस्थापना एवं उसके पश्चात् स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति के बीच के लगभग 38 वर्षों की शासकीय सेवा के दौरान आये उतार-चढ़ाव का मार्मिक वर्णन किया। डॉ. निगार अहमद की जीवन वृत्त पर आधारित एक लघु डॉक्युमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी साईंस कालेज, दुर्ग के राधाकृष्णन सभागार में उपस्थित प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के मध्य किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?