
भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा में 362 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, खुर्सीपार चौक पर विरोध प्रदर्शन की तैयारी
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज 24 नवंबर को दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा सहित जिले के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में 402 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की लागत के 362 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 39 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण और 323 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जहां जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं, वहीं दूसरी ओर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन के कार्यकर्ता खुर्सीपार चौक पर मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराएंगे।
खुर्सीपार चौक पर NSUI का विरोध प्रदर्शन
NSUI के प्रदेश महासचिव आकाश कनौजिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान खुर्सीपार चौक पर काले झंडे दिखाने की तैयारी में हैं। आकाश कनौजिया ने कहा है कि विकास के झूठे दावों का जवाब काले झंडों के माध्यम से दिया जाएगा। संगठन मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अपना विरोध दर्ज कराएगा।
जिला प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय है। सोमवार को कलेक्टर अभिजीत सिंह, दुर्ग एसएसपी और नगर निगम के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
362 विकास कार्यों पर खर्च होंगे 402 करोड़ रुपये से अधिक
जिले में कुल 40,212.70 लाख रुपये की लागत के 362 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन प्रस्तावित है। इनमें 11,858.75 लाख रुपये की लागत के 39 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 28,353.95 लाख रुपये की लागत के 323 कार्यों का भूमिपूजन कर निर्माण की शुरुआत की जाएगी।
भिलाई नगर निगम क्षेत्र में सबसे अधिक 205 विकास कार्य शामिल हैं। यहां 1,341.35 लाख रुपये की लागत के 23 कार्यों का लोकार्पण और 5,495.73 लाख रुपये की लागत के 182 कार्यों का भूमिपूजन होगा।
भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र में 6,516.75 लाख रुपये की लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण तथा 4,114.581 लाख रुपये की लागत के 97 कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है।
रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 3,956.34 लाख रुपये की लागत के 2 कार्यों का लोकार्पण और 2,955.20 लाख रुपये की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। वहीं अहिवारा नगर पालिका क्षेत्र में 44.31 लाख रुपये की लागत के 3 कार्यों का लोकार्पण तथा 2,156.41 लाख रुपये की लागत के 7 कार्यों का भूमिपूजन होगा।
सड़क, पेयजल और निर्माण से जुड़े कार्यों को मिलेगी गति
विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग के 12,170.03 लाख रुपये की लागत के 6 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 469.19 लाख रुपये की लागत के 6 कार्य भी शुरू किए जाएंगे।
इसके अलावा कृषि विपणन मंडी बोर्ड के 674.17 लाख रुपये की लागत का एक कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 247.23 लाख रुपये का एक कार्य तथा गृह निर्माण एवं विकास से संबंधित 71.41 लाख रुपये का एक कार्य भी कार्यक्रम में शामिल है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले में विकास कार्यों की शुरुआत और राजनीतिक गतिविधियों, दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी, वहीं दूसरी ओर NSUI के विरोध प्रदर्शन को लेकर भी प्रशासन की नजर रहेगी।
