महादेव सट्टा ऐप मामले में बड़ा खुलासा, हर महीने 60 करोड़ के भुगतान का हिसाब मिला: दुबई में प्रमोटरों से मुलाकात, जज-अधिकारियों तक पहुंच बनाने के आरोप में हिमांशु 28 नवंबर तक ED रिमांड पर

Spread the love

रायपुर में पहली बार आधी रात तक चली PMLA कोर्ट की सुनवाई, सौरभ चंद्राकर के बयान और हवाला लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर ED करेगी पूछताछ

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को 28 नवंबर तक अपनी कस्टोडियल रिमांड पर लिया है। मामले में सामने आए आरोपों के मुताबिक, हिमांशु पर महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटरों से 15 करोड़ रुपए लेने और हवाला के जरिए करोड़ों रुपए की रकम विभिन्न किस्तों में हासिल करने का आरोप है। ईडी की रिमांड अर्जी में वरिष्ठ अधिकारियों तक कथित तौर पर रकम पहुंचाने और न्यायिक मामलों में राहत दिलाने के नाम पर लेन-देन का भी उल्लेख किया गया है।

इस हाईप्रोफाइल मामले की सुनवाई रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट में असामान्य रूप से देर रात तक चली। 23 नवंबर की रात करीब 10:45 बजे सुनवाई शुरू हुई। ईडी और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश अमित राठौर ने हिमांशु शेखर को 28 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेजने का आदेश दिया। सुनवाई पूरी होते-होते रात करीब एक बज गया और तारीख बदलकर 24 नवंबर हो चुकी थी। रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट में इस तरह आधी रात तक चली सुनवाई को असाधारण घटनाक्रम माना जा रहा है।

दुबई के विला में हुई थी महादेव प्रमोटरों से मुलाकात

ईडी की रिमांड अर्जी में सौरभ चंद्राकर के बयान का हवाला देते हुए बताया गया है कि अक्टूबर 2023 की शुरुआत में दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में महादेव बुक के प्रमोटरों और हिमांशु शेखर के बीच बैठक हुई थी। इस बैठक में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी, वकील सुमित कोचर और हिमांशु मौजूद थे।

ईडी के अनुसार, सौरभ ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि हिमांशु ने महादेव ऑनलाइन बुक और उसके प्रमोटरों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले अक्टूबर 2023 में 15 करोड़ रुपए लेने की बात भी सामने आई है।

जज और वकीलों से संपर्क होने का दिया था भरोसा

ईडी की अर्जी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर ने अपने बयान में दावा किया है कि हिमांशु प्रमोटरों को यह भरोसा दिलाता था कि उसकी वकीलों और जजों से बात हो चुकी है। कथित तौर पर उसने कहा था कि ‘बात हो रखी है लॉयर और जज साहब से।’

जांच एजेंसी का आरोप है कि हिमांशु ने कुछ रकम लेने के साथ अदालत में ऐसी बातें भी रखीं, जिनसे प्रमोटरों को यह विश्वास हो सके कि उनके लिए बताई गई व्यवस्था के अनुसार काम हो रहा है। हालांकि, ये सभी आरोप फिलहाल जांच और ईडी की ओर से प्रस्तुत तथ्यों पर आधारित हैं।

गिरिश तलरेजा की गिरफ्तारी की सूचना पहले देने का दावा

ईडी की रिमांड अर्जी में ऑनलाइन सट्टा साइट Lotus365.com से जुड़े गिरिश तलरेजा का भी उल्लेख है। सौरभ चंद्राकर के बयान के मुताबिक, गिरिश पहले प्रमोटरों का साझेदार था, लेकिन बाद में उनके खिलाफ हो गया था।

सौरभ ने दावा किया कि गिरिश के भारत आने और जयपुर के बाद भोपाल में उसकी लोकेशन की जानकारी दुबई में मौजूद हिमांशु को दी गई थी। इसके बाद जब गिरिश भोपाल के एक होटल में ठहरा हुआ था, तब हिमांशु ने कथित तौर पर प्रमोटरों को बताया कि उसी दिन गिरिश गिरफ्तार होगा। उसी दिन ईडी ने गिरिश को गिरफ्तार कर लिया था।

ईडी के अनुसार, सौरभ ने इस घटनाक्रम को प्रमोटरों का विश्वास जीतने के लिए हिमांशु की ओर से किया गया महत्वपूर्ण काम बताया है।

हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का हिसाब मिलने का दावा

इस मामले में सबसे अहम खुलासा कथित हवाला लेन-देन और करोड़ों रुपए के भुगतान से जुड़ा है। ईडी की अर्जी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर ने दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हिमांशु को कई किस्तों में बड़ी रकम देने की बात कही है। आरोप है कि हिमांशु ने यह रकम भारत में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही थी।

सौरभ के बयान के अनुसार, दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के माध्यम से नकद भुगतान किया गया, जबकि कुछ रकम दुबई में भी पहुंचाई गई।

ईडी ने 21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। इस दौरान पंचशील पार्क स्थित आवास से हाथ से लिखे कुछ नोट मिलने की जानकारी दी गई है। इनमें मुंबई हवाला, राजू भाई और वसीम जैसे नामों के साथ रकम के लेन-देन का उल्लेख है।

एक अन्य नोट में 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपए के आंकड़ों के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का हिसाब दर्ज होने का दावा किया गया है। नोट में ‘7 months plan’ का भी उल्लेख मिला है। ईडी अब इन दस्तावेजों में दर्ज नामों और कथित हवाला नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है।

मोबाइल से मिला महादेव बुक का वीडियो, डिलीट व्हाट्सऐप मैसेज भी जांच में

ईडी ने हिमांशु के सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड मोबाइल की डिजिटल जांच में 473 एमबी का एक वीडियो मिलने की जानकारी कोर्ट को दी है। वीडियो के प्रीव्यू पर ‘MAHADEV BOOK’ लिखा हुआ था। इसके अलावा 30 अक्टूबर 2023 की वीडियो फाइल और 25 अक्टूबर 2023 की चार पार्टी क्लिप मिलने का भी उल्लेख किया गया है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, मोबाइल में सौरभ चंद्राकर के नाम से तीन अलग-अलग कॉन्टैक्ट सेव थे। वहीं, 16 नवंबर को ‘Shekhar Iphone’ नाम से सेव नंबर के साथ हुई व्हाट्सऐप चैट में एक मैसेज भेजे जाने के सात सेकंड बाद सभी के लिए डिलीट कर दिया गया था।

ईडी को 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद हिमांशु के फोन में कुछ एसएमएस भी मिले। इनमें पूछताछ के दौरान क्या जवाब देना है और रिहाई की संभावना से जुड़े संदेशों का उल्लेख किया गया है। एजेंसी दूसरे आईफोन के पासकोड नहीं मिलने और उसके फैक्ट्री रीसेट होने की भी जांच कर रही है।

52 लाख से बढ़कर 15.55 करोड़ हुआ कंपनी का राजस्व

ईडी ने हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड को भी जांच का आधार बनाया है। एजेंसी के मुताबिक, 31 मार्च 2025 तक हिमांशु के पास कंपनी की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

कंपनी का राजस्व वित्तीय वर्ष 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए पहुंच गया। कंपनी की ओर से वर्ष 2025 में लैंड रोवर रेंज रोवर और महिंद्रा थार के लिए लोन लेने का भी उल्लेख किया गया है।

ईडी ने हिमांशु के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 के दौरान 22.50 लाख, 58.50 लाख और 14.40 लाख रुपए जमा होने से जुड़े संदेशों का हवाला दिया है। वहीं, 9 नवंबर को उसके आईसीआईसीआई बैंक खाते में करीब 2.08 करोड़ रुपए बैलेंस होने की जानकारी भी रिमांड अर्जी में दी गई है। एजेंसी इन रकमों के स्रोत का पता लगाना चाहती है।

दुबई की कई यात्राएं भी जांच के दायरे में

ईडी ने हिमांशु के इमिग्रेशन रिकॉर्ड का उल्लेख करते हुए बताया कि वह अक्टूबर 2023 में दिल्ली से दुबई गया और कुछ दिनों बाद मुंबई लौटा। इसके बाद अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में दोबारा विदेश यात्रा की। इस दौरान वकील सुमित कोचर के भी उसी दिन यात्रा करने का उल्लेख है।

दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच हिमांशु ने विदेश की नौ और यात्राएं कीं। इनमें से सात यात्राएं दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हुईं। ईडी इन यात्राओं को सौरभ चंद्राकर के उस बयान से जोड़कर देख रही है, जिसमें इसी अवधि के दौरान कई किस्तों में रकम दिए जाने का दावा किया गया है।

हिमांशु ने 65 लाख रुपए को बताया प्रोफेशनल फीस

पूछताछ के दौरान हिमांशु ने दुबई के विला नंबर 45 में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से मुलाकात की बात स्वीकार की है। हालांकि, उसने बैठक की तारीख 3 अक्टूबर 2023 बताई।

हिमांशु ने अपने लेन-देन को पेशेवर फीस बताते हुए वसीम कुरैशी से 25 लाख रुपए और महादेव प्रमोटरों से 40 लाख रुपए बैंक खाते के जरिए मिलने की बात कही है। वहीं, ईडी का कहना है कि वह कथित 15 करोड़ रुपए और नकद किस्तों से जुड़े आरोपों का संतोषजनक हिसाब नहीं दे पाया है।

अब हवाला नेटवर्क और अन्य सट्टा ऐप्स से जुड़ेगा जांच का दायरा

हिमांशु की रिमांड मिलने के बाद ईडी अब उससे कथित हवाला नेटवर्क, रकम के स्रोत, हाथ से लिखे नोट्स में दर्ज नामों, मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों और विदेश यात्राओं के संबंध में पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी स्काईएक्सचेंज सहित अन्य ऑनलाइन सट्टा ऐप्स से संभावित संबंधों की भी पड़ताल करना चाहती है।

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सामने आए इन नए तथ्यों से जांच का दायरा और व्यापक होने की संभावना है। फिलहाल हिमांशु 28 नवंबर तक ईडी की हिरासत में रहेगा और पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों पर इस हाईप्रोफाइल मामले की आगे की दिशा निर्भर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?