दीपावली मिलन और दीप विषयक कविताओं से सजी विश्व मैत्री मंच की काव्य-चौपाल

Spread the love

छत्तीसगढ़ इकाई के कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां, नवोदित रचनाकारों को प्रोत्साहित करने का दिया संदेश

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय विश्व मैत्री मंच की छत्तीसगढ़ प्रांत इकाई की ओर से दीपावली मिलन एवं काव्य-चौपाल का आयोजन आचार्य सरयूकांत झा स्मृति संस्थान, दुर्गा हटरी, पुरानी बस्ती में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत इकाई अध्यक्ष डॉ. मीता अग्रवाल ‘मधुर’ की उपस्थिति में मां सरस्वती के पूजन एवं शुभ्रा ठाकुर द्वारा प्रस्तुत मधुर सरस्वती वंदना से हुई। दीपावली मिलन के अवसर पर आयोजित इस काव्य-चौपाल का मुख्य विषय ‘दीप’ रहा, जिसमें रचनाकारों ने दीप, नारी, मां, रिश्तों, जीवन और सामाजिक संवेदनाओं पर आधारित अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी।

काव्य-चौपाल में चंद्रकला त्रिपाठी ने मिट्टी के दीपक के माध्यम से संघर्ष और अटूट संकल्प को अभिव्यक्त करते हुए कहा कि वह जगन्नाथ मंदिर के शिखर पर टिमटिमाने वाला ऐसा दीप है, जो आंधी और तूफान में लड़खड़ाता तो है, लेकिन बुझता नहीं। मंजू सरावगी ने अंधेरी रात में दीपक की रोशनी और उसके महत्व को अपनी कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया।

पल्लवी झा ने छत्तीसगढ़ी रचना के जरिए श्रीगणेश के वाहन मूषक की चंचलता और बाल सुलभ गतिविधियों का सुंदर चित्रण किया। कुमार जगदलवी ने गांव की स्मृतियों को जीवंत करते हुए ‘कितने अच्छे गांव में हम थे, बड़े पीपल की छांव में हम थे’ सुनाकर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी।

डॉ. अमृता शुक्ला ने स्वयं जलकर दूसरों के जीवन में उजाला फैलाने वाले दीपक के माध्यम से परोपकार और त्याग का संदेश दिया। शुभा बनर्जी ने मां के स्नेह, उसकी सरलता और बच्चों के प्रति ममत्व को अपनी रचना में अभिव्यक्त किया। शुभ्रा ठाकुर ने नारी विषयक कविता प्रस्तुत की, वहीं ईरा पंत ने मन में आशा और प्रकाश का दीप जलाने का संदेश देती रचना सुनाई।

रत्ना पांडे ने करवा चौथ के पारंपरिक सौंदर्य और भावनाओं को कविता में पिरोया। नीलिमा मिश्रा ने संध्या दीप के माध्यम से प्रकृति के बदलते रंगों और जीवन की नश्वरता को अपनी रचना में अभिव्यक्त किया। अनिता झा ने मां की पुकार और रिश्तों की आत्मीयता को दीपावली के संदर्भ में प्रस्तुत किया। अनुराधा ने जीवन के संघर्ष, हार और आत्मस्वीकृति से जुड़ी रचना सुनाई, जबकि बीना सिंह रागी ने ‘रात कब तक जगी हूं’ के माध्यम से अपनी काव्य प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. मीता अग्रवाल ‘मधुर’ ने पंचतत्व पर आधारित अपनी रचना में प्रकृति की अनुपम सुंदरता का चित्रण किया। उन्होंने जीवन की भोर, अरुणिमा की लालिमा, गिरि, वन, कानन और नदियों के माध्यम से प्रकृति के सौंदर्य को शब्दों में पिरोया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय विश्व मैत्री मंच की संस्थापिका संतोष श्रीवास्तव ने आभासी माध्यम से शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि काव्य-चौपाल जैसे आयोजन नवोदित रचनाकारों को आगे बढ़ाने और साहित्य को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में मंच की महासचिव रत्ना पांडे ने सभी अतिथियों, रचनाकारों एवं उपस्थित साहित्यप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

आयोजन में आचार्य सरयूकांत झा स्मृति संस्थान के संरक्षक शरदेंदु झा, कुमार जगदलवी, प्रदीप झा, चंद्रकला त्रिपाठी, मंजू सरावगी, पल्लवी झा, रुमा, शुभा ठाकुर, शुभा बनर्जी, ईरा पंत, नीलिमा मिश्रा, रत्ना पांडे, बीना सिंह रागी (भिलाई), अनुराधा, अनिता झा सहित परिजन एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?