शासकीय नवीन महाविद्यालय रिसाली में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

Spread the love

मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की पहल, निबंध प्रतियोगिता में माही सोनी और क्विज में आशीष यादव रहे प्रथम

दुर्ग। शासकीय नवीन महाविद्यालय रिसाली में 19 नवंबर 2026 को स्वीप (SVEEP) एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के संयुक्त तत्वावधान में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना, लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देना तथा मतदान के महत्व से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान के अधिकार और लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी के महत्व की जानकारी दी गई। निबंध प्रतियोगिता में ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ एवं ‘मतदान का महत्व’ विषय पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं क्विज प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से संबंधित प्रश्न पूछे गए।

निबंध प्रतियोगिता में बीए पंचम सेमेस्टर की माही सोनी ने प्रथम, बीकॉम तृतीय सेमेस्टर की पूर्वी यादव ने द्वितीय तथा बीए तृतीय सेमेस्टर की योगेश्वरी साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार क्विज प्रतियोगिता में बीकॉम तृतीय सेमेस्टर के आशीष यादव प्रथम, बीए प्रथम सेमेस्टर के आलोक साहू द्वितीय तथा बीएससी प्रथम सेमेस्टर की रत्ना साहू तृतीय स्थान पर रहे।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। मतदाता सूची में नाम का सही होना और प्रत्येक पात्र नागरिक द्वारा अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. लिनेन्द्र कुमार वर्मा ने किया। आयोजन में प्राध्यापक प्रो. नूतन कुमार देवांगन, प्रो. शंभू प्रसाद निर्मलकर, प्रो. विनीता एवं प्रो. वेदप्रकाश सिंह का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?