
दुर्ग में जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी गई, आईसीयू में पंजीकृत डॉक्टर नहीं मिला; मरीज को खैरागढ़ में भर्ती बताकर दुर्ग के अस्पताल से बनाया गया आयुष्मान क्लेम
दुर्ग। आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के नाम पर कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद पद्मनाभपुर स्थित वीवाई अस्पताल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 16 नवंबर को प्रशासनिक टीम की छापेमारी के बाद की गई जांच में अस्पताल के भीतर कुल आठ गंभीर खामियां पाई गई हैं। जांच अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट दुर्ग कलेक्टर को सौंप दी है। रिपोर्ट में आयुष्मान भारत योजना और नर्सिंग होम एक्ट के नियमों के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है।
जांच के दौरान आईसीयू में कोई पंजीकृत एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। इसके अलावा पुरुष और महिला मरीजों को एक ही वार्ड में भर्ती किए जाने, डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ का ड्यूटी रोस्टर उपलब्ध नहीं होने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। आयुष्मान पोर्टल पर दर्ज 17 मरीजों में से तीन मरीज कुंती बाई, सुनीता साहू और दीवान सिंह मौके पर नहीं मिले।
मरीजों की भर्ती से संबंधित फाइलों में वाई डायग्नोसिस सेंटर एंड पैथोलॉजी लेबोरेटरी की रिपोर्ट संलग्न मिली, जबकि अस्पताल परिसर में इस नाम की कोई लैब संचालित नहीं पाई गई। मरीजों से पूछताछ के दौरान उनके बताए गए लक्षणों और मेडिकल फाइल में दर्ज बीमारी के निदान में भी काफी अंतर मिला। वहीं, आईसीयू में भर्ती मरीज सुनीता का सीजर डॉ. विनीता ध्रुवे द्वारा किए जाने का उल्लेख भी जांच में सामने आया है।
खैरागढ़ में एसएस अस्पताल के नाम से चल रहा था अवैध अस्पताल
मामले में एक और गंभीर खुलासा राजनांदगांव निवासी रोहित कुमार की शिकायत की जांच में हुआ है। खैरागढ़ के सीएमएचओ कार्यालय की चार सदस्यीय टीम ने जांच की, जिसमें पता चला कि वीवाई अस्पताल के संचालक डॉ. विश्वनाथ यादव द्वारा खैरागढ़ के ठेलकाडीह में एसएस अस्पताल के नाम से कथित रूप से अवैध अस्पताल संचालित किया जा रहा था।
जांच के अनुसार, रोहित कुमार को भौतिक रूप से ठेलकाडीह स्थित एसएस अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में उनका उपचार 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक दुर्ग के वीवाई अस्पताल में दर्शाया गया। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खैरागढ़ के अस्पताल को तत्काल बंद कराया गया है। वहीं, दुर्ग के वीवाई अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए कलेक्टर और सीएमएचओ दुर्ग को जांच प्रतिवेदन भेजा गया है।
गांवों में शिविर लगाकर मुफ्त इलाज का देते थे भरोसा
प्रशासन की 16 नवंबर की छापेमारी के दौरान वीवाई अस्पताल में बालोद और अंबिकापुर क्षेत्र के कई मरीज मिले थे। बालोद जिले के तिर्खेदी निवासी कन्हैया, हरि राव सहित चार मरीजों ने बताया कि उनके गांव में एक दिन पहले राजनांदगांव के अपेक्स अस्पताल के नाम से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था।
शिविर में मरीजों ने कमर दर्द, पैर दर्द और घुटने में दर्द की शिकायत की थी। इस दौरान अपेक्स अस्पताल के कर्मचारियों ने दुर्ग के वीवाई अस्पताल को भी अपना बताते हुए वहां मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था। मरीजों ने शिविर के दौरान दी गई अपेक्स अस्पताल की पर्चियां भी जांच अधिकारियों को दिखाई थीं।
रोहित का आरोप- कभी वीवाई अस्पताल गया ही नहीं, फिर भी भर्ती दिखाया
राजनांदगांव जिले के बासुला निवासी रोहित कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को थकान और पीठ में दर्द होने पर वह ठेलकाडीह के एसएस अस्पताल पहुंचे थे। उसी दिन दोपहर करीब 12 बजे उन्हें आयुष्मान कार्ड के माध्यम से भर्ती किया गया। शाम को तबीयत में कुछ सुधार होने पर उन्होंने घर जाने की बात कही, जिसके बाद उन्हें घर जाने दिया गया।
रोहित के मुताबिक, अगले चार दिनों तक वह घर से अस्पताल आते-जाते रहे। बाद में उन्हें दोबारा बुलाकर अंगूठा लगवाया गया और डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि, उन्हें डिस्चार्ज पर्ची वीवाई अस्पताल के नाम से दी गई। उनका आरोप है कि पर्ची में उन्हें 14 से 20 अक्टूबर तक दुर्ग के वीवाई अस्पताल में भर्ती दिखाया गया और बीमारी के रूप में सीवियर सेप्सिस दर्ज किया गया, जबकि वह कभी वीवाई अस्पताल गए ही नहीं थे।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
खैरागढ़ के सीएमएचओ डॉ. अनिल शुक्ला ने बताया कि रोहित की शिकायत पर चार सदस्यीय टीम से जांच कराई गई थी। ठेलकाडीह स्थित अस्पताल को तत्काल बंद करा दिया गया है और दुर्ग के अस्पताल पर कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को जांच प्रतिवेदन भेजा गया है।
वहीं, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि खैरागढ़ सीएमएचओ कार्यालय की जांच रिपोर्ट उन्हें अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसे दुर्ग में की जा रही कार्रवाई में शामिल किया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आयुष्मान भारत योजना के तहत सामने आई इन अनियमितताओं ने अस्पतालों की निगरानी और योजना के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।
