
विशेष पूजा-अर्चना और हवन के साथ हुआ आयोजन, बेजुबानों के लिए विशेष भोज की व्यवस्था; संचालकों ने कहा- कुत्ते भी हमारे परिवार का अभिन्न हिस्सा
सरगुजा। दीपावली के अवसर पर अंबिकापुर स्थित बेजुबान डॉग शेल्टर में कुकुर तिहार हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शेल्टर में रह रहे कुत्तों की विशेष पूजा-अर्चना की गई। उन्हें तिलक लगाकर फूलों की माला पहनाई गई तथा उनके लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के माध्यम से बेजुबान पशुओं के प्रति प्रेम, सम्मान और संवेदना का संदेश दिया गया।
आयोजन के दौरान डॉग शेल्टर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ हवन भी किया गया। शेल्टर में रहने वाले सभी कुत्तों को सम्मानपूर्वक पूजन कर भोजन कराया गया। संचालकों ने कहा कि बेजुबान पशु भी स्नेह, सुरक्षा और सम्मान के हकदार हैं। उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार करना समाज की जिम्मेदारी है।
कुत्ते भी समाज और परिवार का अभिन्न हिस्सा
बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा ने कहा कि कुकुर तिहार हमें याद दिलाता है कि कुत्ते हमारे समाज और जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। वे इंसानों के मित्र हैं और बिना किसी स्वार्थ के प्रेम तथा वफादारी निभाते हैं। इसलिए हमारा भी कर्तव्य है कि उनके प्रति दया, प्रेम और सम्मान का भाव रखें।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि दीपावली सहित सामान्य दिनों में भी किसी बेजुबान जानवर को परेशान न करें। उन पर पत्थर न फेंकें, मारपीट न करें और न ही उन्हें डराने का प्रयास करें। त्योहारों की खुशियों में पशु-पक्षियों की सुरक्षा और उनकी संवेदनाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
घायल और बीमार कुत्तों का रेस्क्यू कर रहे संचालक
डॉग शेल्टर के संचालकों ने बताया कि उनके लिए ये बेजुबान जानवर केवल पशु नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य हैं। इनके दर्द को समझना, देखभाल करना और सुरक्षित जीवन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। बेजुबान डॉग शेल्टर पिछले कई वर्षों से घायल, बीमार, दुर्घटनाग्रस्त और बेसहारा पशुओं के रेस्क्यू, उपचार, भोजन तथा देखभाल का कार्य कर रहा है।
नेपाल की परंपरा से जुड़ा है कुकुर तिहार
सुधांशु शर्मा ने बताया कि भारत के पड़ोसी देश नेपाल में कुकुर तिहार मनाने की विशेष परंपरा है। वहां कुत्तों को मित्र और रक्षक के रूप में सम्मान दिया जाता है। इसी परंपरा से प्रेरित होकर शेल्टर में भी कुकुर तिहार मनाया गया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बेजुबानों के प्रति प्रेम और करुणा केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
