
एक साथ चुनाव कराने से होगी आर्थिक और मानव संसाधनों की बचत, लोकतंत्र होगा मजबूत – शिवेंद्र सिंह परिहार
दुर्ग। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (साइंस कॉलेज), दुर्ग के राधाकृष्णन सभागार में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का आयोजन माय भारत के अंतर्गत विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम के तहत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ लोकतंत्र को सुदृढ़ करने का माध्यम है। भारत लोकतंत्र की जननी है और इस व्यवस्था को लागू करने के लिए संविधान में आवश्यक संशोधन करना होगा। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव कराने से मानव संसाधन और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी। पंचायत चुनाव में ग्रामीण मतदाता एक साथ चार जनप्रतिनिधियों का चयन कर सकते हैं, ऐसे में विधानसभा और लोकसभा चुनाव भी एक साथ कराए जा सकते हैं।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं जिला युवा अधिकारी डॉ. क्षितिज गुप्ता ने बताया कि देश के 786 जिलों में माय भारत के अंतर्गत विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन माध्यम से कुल 181 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से लगभग 72 प्रतिभागियों ने तीन मिनट की निर्धारित समयावधि में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर अपने सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं के विचारों और उनकी आवाज को भारत सरकार तक पहुंचाना है। प्रत्येक संकाय के विद्यार्थियों को इस तरह की प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ज्ञान होना आवश्यक है। भाषण प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने विचार प्रस्तुत करने चाहिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ की प्रस्तुति के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत करने के पश्चात कार्यक्रम संचालक डॉ. ज्योति धारकर ने माय भारत के अंतर्गत आयोजित भाषण प्रतियोगिता के नियमों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कातरो के सरपंच महेश भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. यशेश्वरी ध्रुव, डॉ. तरुण साहू, डॉ. लीना साहू, डॉ. सुरेश ठाकुर एवं जितेंद्र सोनी शामिल रहे। निर्णायकों के निर्णय के अनुसार साइंस कॉलेज दुर्ग की वाणी देवांगन और दुष्यंत कुमार ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। भिलाई महिला महाविद्यालय की तानिया मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं। साइंस कॉलेज दुर्ग की मीमांसा पांडेय ने चतुर्थ तथा सेंट थॉमस कॉलेज की धृति वैष्णव ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दोनों प्रतिभागियों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दुर्ग जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला युवा अधिकारी डॉ. क्षितिज गुप्ता, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, डॉ. अनुपमा कश्यप, डॉ. अभिषेक मिश्रा, डॉ. सतीश कुमार सेन, डॉ. मोतीराम साहू, डॉ. लतिका ताम्रकार, डॉ. सीमा पंजवानी, डॉ. निखिल देशलहरा, डॉ. ज्योति धारकर, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मीना मान, डॉ. तरुण साहू एवं डॉ. प्रशांत दुबे सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
