
नया रायपुर में पहली बार सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम का प्रदर्शन, रंगीन धुएं से आसमान में उकेरा तिरंगा; एयर शो देखने उमड़ी दर्शकों की भीड़
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर नया रायपुर में भारतीय वायुसेना ने शानदार एयर शो का आयोजन कर आसमान में अपनी ताकत, तकनीक और कौशल का प्रदर्शन किया। रविवार को आयोजित इस एयर शो में वायुसेना की तीन टीमों ने अलग-अलग करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस दौरान 8 हजार फीट की ऊंचाई से जवानों ने पैराशूट के जरिए छलांग लगाई, वहीं पांच हेलिकॉप्टरों ने आसमान में डायमंड, हार्ट और डॉल्फिन जैसी आकर्षक आकृतियां बनाईं।
एयर शो की शुरुआत भारतीय वायुसेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के प्रदर्शन से हुई। टीम के आठ प्रशिक्षित जवानों ने C-295 विमान से करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई और पैराशूट के जरिए सुरक्षित नीचे उतरे। इस रोमांचक प्रदर्शन का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा ने किया। इसके बाद MI-17 हेलिकॉप्टर से जवानों ने रस्सी के सहारे नीचे उतरने का प्रदर्शन किया। इस तकनीक का इस्तेमाल विशेष परिस्थितियों में जवानों को तेजी से किसी निर्धारित स्थान पर पहुंचाने के लिए किया जाता है।
एयर शो का प्रमुख आकर्षण भारतीय वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही। टीम के पांच हेलिकॉप्टरों ने एक साथ उड़ान भरते हुए आसमान में कई आकर्षक फॉर्मेशन बनाए। हेलिकॉप्टरों ने डायमंड, हार्ट और डॉल्फिन सहित अलग-अलग आकृतियां बनाकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। हेलिकॉप्टरों से निकलने वाले रंगीन धुएं ने आसमान में तिरंगे की छटा बिखेर दी। छत्तीसगढ़ में सारंग टीम का यह पहला प्रदर्शन था।
सारंग टीम में स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) ध्रुव का इस्तेमाल किया जाता है। अपने आकर्षक रंगों और विशेष डिजाइन के लिए पहचाने जाने वाले इन हेलिकॉप्टरों का स्वरूप मोर से प्रेरित है। वर्ष 2003 में गठित सारंग टीम देश-विदेश के कई एयर शो में अपनी प्रस्तुति दे चुकी है। टीम के पायलटों ने सटीक नियंत्रण, आपसी तालमेल और नजदीकी उड़ान के जरिए अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान MI-17 हेलिकॉप्टर की क्षमताओं से भी दर्शकों को परिचित कराया गया। यह हेलिकॉप्टर सैन्य अभियानों के साथ-साथ बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भी उपयोगी है। इसके माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने और घायलों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाने जैसे कार्य किए जाते हैं।
एयर शो देखने के लिए नया रायपुर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर 700 से 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी।
वायुसेना की तीनों टीमों के प्रदर्शन के साथ एयर शो का समापन हुआ। कार्यक्रम ने राज्योत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया। इस आयोजन के माध्यम से भारतीय वायुसेना ने अपनी पेशेवर दक्षता, आधुनिक तकनीक और साहसिक प्रशिक्षण का प्रदर्शन करने के साथ युवाओं को वायुसेना में करियर बनाने के लिए भी प्रेरित किया।

