रिसाली महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता आयोजित, विद्या देवांगन ने हासिल किया प्रथम स्थान

Spread the love

तिरंगे के रंगों से सजी रंगोलियों के माध्यम से दिया राष्ट्रीय एकता, अखंडता और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश

दुर्ग। शासकीय नवीन महाविद्यालय रिसाली, जिला दुर्ग में भारत सरकार द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने तिरंगे के रंगों से सजी सुंदर रंगोलियों के माध्यम से देशभक्ति और जनकल्याणकारी योजनाओं को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। एक रंगोली में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं को दर्शाया गया। वहीं दूसरी रंगोली में तिरंगे के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में देशभक्ति, स्वच्छता और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

विद्या देवांगन प्रथम, जान्हवी द्वितीय और हुमेरा तृतीय स्थान पर

रंगोली प्रतियोगिता में बीएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा विद्या देवांगन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा जान्हवी द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि बीकॉम की छात्रा हुमेरा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का संयोजन श्रीमती विनीता ने किया। आयोजन में श्रीमती रंजना कश्यप और लोचन निर्मलकर ने सदस्य के रूप में सहयोग दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. नागरत्ना गनवीर, प्रो. निवेदिता मुखर्जी, प्रो. नूतन कुमार देवांगन, डॉ. लिनेन्द्र वर्मा, शंभू प्रसाद निर्मलकर, डॉ. पूजा पांडे, डॉ. ऋतु श्रीवास्तव, डॉ. ममता सहित महाविद्यालय के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?