
नर्सिंग स्टाफ की व्यस्तता का दिया हवाला, डॉक्टर ने कहा- गार्ड से कैनुला या ड्रिप का काम कराना गलत; संबंधित स्टाफ को नोटिस की तैयारी
रायपुर के कालीबाड़ी स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में मरीजों की देखभाल से जुड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक गार्ड का गर्भवती महिलाओं की ड्रिप और कैनुला की कैपिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के समय अस्पताल में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ मौजूद थे।
वायरल वीडियो को लेकर गार्ड नागेश्वर प्रसाद कश्यप ने बताया कि उन्होंने किसी मरीज को कैनुला नहीं लगाया था। उनका कहना है कि नर्सिंग स्टाफ मरीजों की देखभाल में व्यस्त था और नर्स के कहने पर उन्होंने केवल ड्रिप की कैपिंग में मदद की थी।
एक दिन में हुए थे 12 सीजर ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो 25 सितंबर की शाम का बताया जा रहा है। उस दिन अस्पताल में करीब 12 सीजर ऑपरेशन हुए थे। ऑपरेशन के बाद मरीजों की देखभाल में नर्सिंग स्टाफ व्यस्त था।
स्टाफ नर्स वर्षा यादव के मुताबिक, एक मरीज की ड्रिप खत्म हो गई थी और वह बार-बार इसकी जानकारी दे रही थी। इसी दौरान नर्सिंग स्टाफ एक गंभीर मरीज की देखभाल में व्यस्त था। नर्स का कहना है कि उन्होंने गार्ड से केवल कैप लगाने में मदद करने को कहा था।
दो स्टाफ नर्सों पर 50 से ज्यादा मरीजों की जिम्मेदारी
अस्पताल की व्यवस्था के संबंध में बताया गया कि दूसरी शिफ्ट में दो स्टाफ नर्स 50 से ज्यादा मरीजों की देखभाल कर रही थीं। इसी दौरान मरीज की ड्रिप खत्म होने की सूचना मिलने पर गार्ड से मदद ली गई।
हालांकि, अस्पताल प्रबंधन के अनुसार ड्रिप चढ़ाने, कैनुला लगाने या निकालने जैसी प्रक्रियाएं नर्सिंग स्टाफ की जिम्मेदारी होती हैं।
डॉक्टर बोले- गार्ड से यह काम कराना गलत
रायपुर जिला अस्पताल के डॉक्टर डॉ. भेनुज सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि बॉटल चढ़ाने, कैनुला लगाने और निकालने का काम स्टाफ नर्स द्वारा किया जाना चाहिए। गार्ड का इस तरह की प्रक्रिया में शामिल होना गलत है।
डॉ. सिन्हा ने बताया कि मामले में संबंधित गार्ड को नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही अस्पताल की इंचार्ज सिस्टर को भी हिदायत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा होने पर संबंधित स्टाफ के खिलाफ नौकरी से हटाने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।
डॉक्टरों की ड्यूटी और रोस्टर की भी होगी जांच
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक डॉक्टरों की ड्यूटी का रोस्टर निर्धारित रहता है और ऑपरेशन तथा पोस्ट-ऑपरेटिव वार्ड में डॉक्टर समय-समय पर राउंड लेते हैं। इसके बावजूद मरीजों से जुड़ी ऐसी प्रक्रियाएं नर्सिंग स्टाफ द्वारा ही की जानी चाहिए।
प्रबंधन को गार्ड द्वारा कैनुला की कैपिंग किए जाने की जानकारी वायरल वीडियो के माध्यम से मिली है। मामले में संबंधित स्टाफ को अंतिम चेतावनी देने की बात कही गई है।
