
रायपुर, । राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस के अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि NSS का ध्येय वाक्य “मुझे नहीं, आपको” युवाओं को समाज सेवा, राष्ट्र सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ता है। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों को समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने और निरंतर सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
इस राज्य स्तरीय आयोजन में घनश्याम सिंह आर्य महाविद्यालय, दुर्ग की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने कार्यक्रम अधिकारी प्रेरणा सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सहभागिता की। महाविद्यालय की स्वयंसेविकाओं ने अनुशासनबद्ध तरीके से कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और NSS के सेवा संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की स्वयंसेविकाओं सुषमा दुबे, करुणा ठाकुर, हीना साहू, रिया कश्यप, किरण साहू, पूजा निषाद, दर्शिका मेश्राम, भूमिका निर्मलकर, पलक माणिकपुरी और अदिति उपाध्याय ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों को निरंतर समाज सेवा, जनहित और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई। राज्य स्तरीय आयोजन ने युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।


