शिवनाथ साइंस कॉलेज में रासेयो स्थापना दिवस पर विविध गतिविधियां आयोजित

Spread the love

राजनांदगांव, । शासकीय शिवनाथ साइंस कॉलेज, राजनांदगांव में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) का स्थापना दिवस उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर रासेयो के उद्देश्यों, सामाजिक दायित्वों और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में इसकी भूमिका पर चर्चा की गई।

प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना की शुरुआत वर्ष 1969 में हुई थी। स्थापना के बाद से रासेयो अपने उद्देश्यों की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है और करोड़ों लोग इससे जुड़कर सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को निखार रहे हैं। उन्होंने कहा कि रासेयो शासन और समाज के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रही है।

कार्यक्रम को डॉ. एस.आर. कन्नौजे, द माखीजा, डॉ. पटेल एवं प्रवीण वर्मा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को समाजसेवा, स्वच्छता, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

स्थापना दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में आम के पौधों का रोपण किया गया। स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर की साफ-सफाई की। इसके साथ ही नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रैली निकाली गई।

कार्यक्रम के दौरान कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। रासेयो दलनायक मोहित साहू तथा उपदलनायक कन्हैया ठाकुर एवं देवश्री सिन्हा के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर वरिष्ठ स्वयंसेवक युगल साहू, मिथलेस साहू, ऋषभ साहू सहित अन्य स्वयंसेवकों ने रासेयो से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के रासेयो स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?