नेपाल में छत्तीसगढ़ के दो नागरिक लापता, पांच सुरक्षित लौटे प्रदेश

Spread the love

बाढ़ और भूस्खलन के बीच राज्य सरकार ने बढ़ाई निगरानी, लापता नागरिकों की तलाश के लिए नेपाल प्रशासन से समन्वय जारी

रायपुर, 29 अगस्त 2026। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां मौजूद प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। राज्य प्रशासन नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी लगातार जुटा रहा है और नेपाल प्रशासन तथा केंद्र सरकार के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ से जुड़े 9 नागरिकों के संबंध में जानकारी सामने आई है। इनमें से कुछ नागरिकों से संपर्क स्थापित हो चुका है, जबकि दो लोगों के लापता होने की सूचना है। वहीं रायपुर से जुड़े पांच नागरिकों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है और उनके छत्तीसगढ़ लौटने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

मोनिका यादव से प्रशासन का संपर्क

रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ की स्थिति बनने के बाद उनसे संपर्क टूट गया था और उनके लापता होने की जानकारी सामने आई थी। अब प्रशासन ने उनके स्थानीय संपर्क से संपर्क स्थापित किया है। उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी संबंधित शिक्षण संस्थान से जुटाई जा रही है।

इसी तरह बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। प्रशासन का उनके संपर्क से भी संपर्क हो गया है। अधिकारियों द्वारा उपलब्ध जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है और संबंधित एजेंसियों के साथ आवश्यक समन्वय किया जा रहा है।

प्रियंका चौधरी और डॉ. मीना गुप्ता की तलाश

बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना मिली है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। उपलब्ध जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित संस्थाओं के संपर्क में है और उनकी तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं सरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता के भी नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान नेपाल-चीन सीमा पर स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय बताया गया है। प्रशासन संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर उनके संबंध में जानकारी जुटा रहा है।

रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित

रायपुर के माने क्षेत्र से नेपाल गए दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। सभी पांचों 21 अगस्त को नेपाल गए थे। प्रशासन के अनुसार, अब उनकी छत्तीसगढ़ वापसी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

राज्य सरकार ने नेपाल प्रशासन से बनाया संपर्क

नेपाल में प्राकृतिक आपदा की स्थिति को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल प्रशासन और केंद्र सरकार के संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा है। जिला प्रशासन को भी आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

राज्य सरकार ने अपील की है कि नेपाल में मौजूद किसी भी छत्तीसगढ़वासी के संबंध में यदि कोई जानकारी मिलती है या किसी व्यक्ति का परिजन वहां फंसा है, तो तत्काल संबंधित जिला प्रशासन को सूचना दी जाए, ताकि आवश्यक सहायता और समन्वय किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?