दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग से संबद्ध महाविद्यालयों में सत्र 2026-27 के अंतर्गत बीए, बीएससी एवं बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में स्वाध्यायी, प्राइवेट एवं अमहाविद्यालयीन/प्राइवेट छात्र-छात्राओं के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इन विद्यार्थियों की परीक्षाएं सेमेस्टर प्रणाली के तहत आयोजित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय ने पंजीयन के लिए 6 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की है। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालयीन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन आवेदन करना होगा। पंजीयन शुल्क के रूप में 150 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करना अनिवार्य है।
अधिसूचना के अनुसार परीक्षा पंजीयन आवेदन की हार्डकॉपी संबंधित महाविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं स्वाध्यायी विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध GE/DSE/VAC/SEC में से विषयों का चयन कर आवेदन करना होगा। इसके लिए विषय आवंटन की प्रक्रिया 5 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। महाविद्यालयों द्वारा चयनित विद्यार्थियों की सूची विश्वविद्यालय को 16 सितंबर से 30 सितंबर 2026 के बीच भेजी जाएगी।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यार्थियों के लिए ABC ID बनाना अनिवार्य है। ABC ID के बिना पंजीयन फॉर्म नहीं भरा जा सकेगा। साथ ही निर्धारित अंतिम तिथि तक पंजीयन आवेदन की हार्डकॉपी संबंधित महाविद्यालय में जमा नहीं करने पर पंजीयन निरस्त किया जा सकता है।
अधिसूचना में यह भी बताया गया है कि पंजीयन कराने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा में स्वाध्यायी विद्यार्थी के रूप में शामिल होने के लिए पृथक अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत स्वाध्यायी विद्यार्थियों का पंजीयन प्रथम सेमेस्टर में केवल एक बार किया जाएगा और प्रत्येक सेमेस्टर में अलग से पंजीयन की आवश्यकता नहीं होगी।
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से निर्धारित तिथियों का पालन करते हुए समय पर ऑनलाइन पंजीयन कराने तथा संबंधित महाविद्यालय में आवश्यक दस्तावेज जमा करने की अपील की है।



