खूंटाघाट डैम के प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाने पहुंचे युवक, पुलिस ने कान पकड़कर कराई उठक-बैठक

Spread the love

बिलासपुर। लगातार बारिश के चलते खूंटाघाट डैम के वेस्टवियर में इन दिनों पानी का तेज बहाव है। इसके बावजूद कुछ पर्यटक जान जोखिम में डालकर प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गए और तेज बहाव के पास सेल्फी व रील बनाने लगे। सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी करने वालों को जमकर फटकार लगाई। वहीं, लापरवाही करने वालों से मौके पर ही कान पकड़कर उठक-बैठक कराई गई और दोबारा प्रतिबंधित क्षेत्र में नहीं जाने की सख्त चेतावनी दी गई। घटना 16 अगस्त की बताई जा रही है।

ताला और बैरिकेड के बावजूद पहुंच गए प्रतिबंधित क्षेत्र में

खूंटाघाट वेस्टवियर में पानी का बहाव तेज होने के कारण सुरक्षा के लिए गेट और बैरिकेड लगाए गए हैं। लोगों को गहरे पानी और तेज बहाव के करीब जाने से रोकने के लिए गेट पर ताला भी लगाया गया था। इसके बावजूद कुछ पर्यटक गेट लांघकर प्रतिबंधित हिस्से में पहुंच गए।

अंदर पहुंचने के बाद लोग मोबाइल से सेल्फी और वीडियो बनाने लगे। कुछ लोग परिवार और बच्चों के साथ भी तेज बहाव के बेहद करीब नजर आए। ऐसी स्थिति में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती थी।

महिलाओं और बच्चों के साथ भी पहुंचे लोग

पुलिस के मुताबिक, कुछ लोग अपने परिवार, महिलाओं और बच्चों के साथ खतरनाक स्थान तक पहुंच गए थे। कुछ युवतियां और महिलाएं भी फोटो और वीडियो बनाने के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंची थीं। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

पुलिस ने लोगों को समझाया कि बारिश के दौरान डैम, वेस्टवियर, नदी और नालों के आसपास पानी का बहाव अचानक तेज हो सकता है। सेल्फी या रील बनाने के लिए बैरिकेड और सुरक्षा गेट पार करना बेहद खतरनाक है। लापरवाही करने वालों को कान पकड़कर उठक-बैठक कराने के साथ भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की चेतावनी दी गई।

पुलिस की अपील- जिंदगी से बड़ी नहीं है रील

एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस लगातार निगरानी कर रही है, लेकिन लोगों को भी अपनी सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी समझनी होगी। एक सेल्फी या कुछ सेकंड की रील जिंदगी से बड़ी नहीं हो सकती।

उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान खूंटाघाट समेत सभी डैम, वेस्टवियर, नदी और नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। खासकर बच्चों को तेज बहाव वाले स्थानों के पास न जाने दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?