सांदीपनी एकेडमी अछोटी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

Spread the love

अछोटी। सांदीपनी एकेडमी, अछोटी में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के विद्यार्थियों, प्राचार्यगण, विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकगण तथा शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री सतीश साहू उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री संजय पांडे, श्री राजा शर्मा एवं श्री प्रदीप सिंह राजपूत ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का परिचय दिया। इस दौरान बीए-बीएड चतुर्थ वर्ष की छात्राओं रिया कुर्रे एवं नेहा यादव ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और उनके संघर्षों को याद किया। उन्होंने विशेष रूप से भगत सिंह के जीवन एवं विचारों तथा जलियांवाला बाग हत्याकांड जैसी ऐतिहासिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने देश के युवा क्रांतिकारियों में स्वतंत्रता और राष्ट्रहित के लिए संघर्ष की भावना को और मजबूत किया। अतिथियों का प्रेरणादायी संबोधन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणास्पद रहा।

समारोह में नर्सिंग, शिक्षा, फार्मेसी एवं आईटीआई विभाग के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक तथा शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में श्रीमती आकांक्षा गोटलिब, प्राचार्या नर्सिंग विभाग; डॉ. स्वाति श्रीवास्तव, प्राचार्या शिक्षा विभाग; डॉ. संध्या पुजारी, विभागाध्यक्ष शिक्षा विभाग; श्रीमती इंदु वर्मा, उपप्राचार्या नर्सिंग विभाग; श्री दिगेश साहू, प्राचार्य आईटीआई विभाग तथा श्री सुधीर तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन श्रीमती काजल वर्मा, सहायक प्राध्यापक, नर्सिंग विभाग ने किया। उन्होंने पूरे समारोह का प्रभावी एवं कुशल संचालन करते हुए कार्यक्रम को गरिमापूर्ण स्वरूप प्रदान किया।

समारोह के दौरान सांदीपनी एकेडमी का पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों और देशप्रेम की भावना से गुंजायमान रहा। विद्यार्थियों एवं स्टाफ की सामूहिक सहभागिता ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के अंत में समारोह को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी विद्यार्थियों, अतिथियों, प्राचार्यगण, विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों तथा शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

यह आयोजन सांदीपनी एकेडमी के संचालक श्री महेंद्र चौबे के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन में संस्थान द्वारा विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

जय हिंद! 🇮🇳
वंदे मातरम्! 🇮🇳

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?