रायपुर में दो हत्याओं का खुलासा: BEd छात्रा की लिव-इन पार्टनर ने की हत्या, दूसरे मामले में अफेयर के शक में प्रेमी बना कातिल

Spread the love

रायपुर, 6 अगस्त। राजधानी रायपुर में दो अलग-अलग हत्या के मामलों ने सनसनी फैला दी है। पहले मामले में बीएड की छात्रा की उसके लिव-इन पार्टनर ने कथित रूप से मारपीट के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी, जबकि दूसरे मामले में प्रेम संबंधों में अविश्वास के चलते युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप

मुजगहन थाना क्षेत्र के बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाली कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर निवासी भारती नेताम, जो रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की छात्रा थी, पिछले 6-7 महीनों से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सावंत डीएलएड का छात्र बताया गया है।

परिजनों के अनुसार सावंत अक्सर भारती पर शक करता था और उसके साथ मारपीट करता था। घटना से एक दिन पहले भारती ने अपनी बहन को फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी और गांव लौटने की इच्छा जताई थी। बहन ने उसके खाते में 3 हजार रुपये भी भेजे थे, लेकिन वह घर लौट पाती, उससे पहले ही उसकी हत्या हो गई।

बताया गया कि आरोपी घायल अवस्था में भारती को मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी अस्पताल से फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी सावंत बघेल को हिरासत में ले लिया है।

शव पर मिले चोट के निशान

पोस्टमार्टम से पहले परिजनों ने शव पर बाईं आंख, कनपटी, गर्दन और ठोड़ी के पास चोट व खरोंच के निशान होने की जानकारी दी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

अफेयर के शक में प्रेमिका की हत्या

दूसरा मामला खमतराई थाना क्षेत्र के WRS कॉलोनी स्थित तालाब में मिली युवती की लाश से जुड़ा है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि उसकी हत्या उसके प्रेमी करण तांडी ने की थी।

पुलिस के अनुसार दोनों की तीन वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। हाल के दिनों में नंदनी के किसी अन्य युवक से संबंध होने के शक को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंककर फरार हो गया।

तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस कर रही विस्तृत जांच

रायपुर पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोनों घटनाओं ने राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा और रिश्तों में बढ़ती हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?