
रायपुर/राजनांदगांव । कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। राजनांदगांव की रहने वाली 23 वर्षीय वेटलिफ्टर ने महिला 53 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और मेडल डाल दिया। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने कुल 199 किलोग्राम (88 किग्रा स्नैच और 111 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया। यह कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का पांचवां और वेटलिफ्टिंग में चौथा पदक है।
स्नैच में बनाया नया रिकॉर्ड, दमदार प्रदर्शन से जीता दिल
ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रतियोगिता की शुरुआत शानदार अंदाज में की। स्नैच राउंड में उन्होंने 82, 85 और 88 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया। 88 किलोग्राम की लिफ्ट के साथ उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 103, 107 और 111 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 199 किलोग्राम का स्कोर बनाया और सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
नाइजीरिया की खिलाड़ी ने जीता गोल्ड
महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग में नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला डिडीह ने कुल 206 किलोग्राम (93+113) वजन उठाकर स्वर्ण पदक और नया कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड बनाया। ज्ञानेश्वरी यादव दूसरे स्थान पर रहीं और रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया।
भारत को मिला वेटलिफ्टिंग में चौथा पदक
ज्ञानेश्वरी यादव का यह पदक कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए वेटलिफ्टिंग का चौथा पदक है। इससे पहले मीराबाई चानू ने स्वर्ण पदक, जबकि राजा मुथुपाडी और रिशिकांता सिंह ने रजत पदक जीते थे। ज्ञानेश्वरी के सिल्वर के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या पांच हो गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की इस ऐतिहासिक जीत से प्रदेश के युवाओं, खासकर बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और हरसंभव प्रोत्साहन देने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करते रहें।

