
भिलाई। इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर की छात्रा नीलू सिंह ने गौ विज्ञान परीक्षा-2025 में छत्तीसगढ़ स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
छत्तीसगढ़ राज्य गौ संरक्षण एवं संवर्धन समिति द्वारा आयोजित गौ विज्ञान परीक्षा-2025 तीन चरणों में संपन्न हुई। पहले चरण में महाविद्यालय स्तर, दूसरे चरण में जिला स्तर और तीसरे चरण में राज्य स्तर की परीक्षा आयोजित की गई।
महाविद्यालय स्तर पर परीक्षा का आयोजन प्राचार्य डॉ. श्रीमती अलका मेश्राम के नेतृत्व में गठित समिति द्वारा किया गया। समिति में डॉ. मेरिली राय संयोजक तथा डॉ. रमा बनर्जी एवं डॉ. संतोष कुमार अग्रवाल सदस्य थे। इस चरण में 26 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें अंशु पंडित प्रथम और नीलू सिंह द्वितीय स्थान पर रहीं। दोनों का चयन जिला स्तरीय परीक्षा के लिए हुआ।
जिला स्तर की परीक्षा का आयोजन श्री विजय अग्रवाल (संयोजक), श्री संजय ठाकुर (जिला संयोजक) तथा डॉ. सूर्य प्रकाश शुक्ला (जिला प्रभारी, गौ सेवा परीक्षा) के मार्गदर्शन में शासकीय वी.वाई.टी. स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग में किया गया। इस परीक्षा में नीलू सिंह ने चतुर्थ स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
राज्य स्तरीय अंतिम चरण का पुरस्कार वितरण समारोह 20 जुलाई 2026 को रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज ग्राउंड में आयोजित किया गया। अंतिम चरण में इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की एम.ए. अंग्रेजी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा नीलू सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में द्वितीय स्थान हासिल किया। उन्हें गौ विज्ञान परीक्षा समिति द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका मेश्राम ने नीलू सिंह को बधाई देते हुए कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनती हैं।
नीलू सिंह की इस सफलता पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. कैलाश शर्मा, परीक्षा संयोजक डॉ. मेरिली राय, महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, सहायक प्राध्यापकों, क्रीड़ा अधिकारी, ग्रंथपाल एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
