
दुर्ग, ।
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के गणित विभाग की शोधार्थी श्रीमति लीना रावटे की पीएच.डी. की मौखिक परीक्षा (वाइवा-वोसे) गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उनका शोध विषय “Common Fixed Point Theorems in Various Topological Spaces” रहा, जिसे शोध विशेषज्ञों ने उच्च स्तरीय एवं मौलिक शोधकार्य बताया।
शोधकार्य का निर्देशन डॉ. ए. के. मिश्रा, प्राचार्य, डी.आर.एस. शासकीय महाविद्यालय, रानीतराई, दुर्ग ने किया, जबकि सह-निर्देशक के रूप में डॉ. राकेश तिवारी, गणित विभाग, शासकीय वी.वाई.टी. स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग ने मार्गदर्शन प्रदान किया। यह शोधकार्य शासकीय वी.वाई.टी. स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग एवं हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के संयुक्त शोध केन्द्र में संपन्न हुआ।
मौखिक परीक्षा के दौरान श्रीमति लीना रावटे ने अपने शोध के प्रमुख निष्कर्ष प्रस्तुत करते हुए बताया कि विभिन्न टोपोलॉजिकल स्पेस में Common Fixed Point Theorems का अध्ययन वास्तविक जीवन की जटिल समस्याओं को गणितीय मॉडल के माध्यम से प्रभावी एवं सटीक समाधान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि यह शोध गणित एवं अनुप्रयुक्त विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान को नई दिशा देगा।
मौखिक परीक्षा के बाह्य परीक्षक डॉ. सी. के. मिश्रा, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, गणित एवं सांख्यिकी विभाग, डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या (उत्तर प्रदेश) रहे। उन्होंने शोधकार्य का गहन मूल्यांकन करते हुए इसे उत्कृष्ट, शोधपरक एवं मौलिक बताते हुए शोधार्थी की सराहना की।
इस अवसर पर पीएच.डी. सेल के सदस्य डॉ. हेमंत साव, गणित संकाय के डॉ. जयनेन्द्र कुमार श्रीवास एवं डॉ. श्रद्धा राजपूत भी उपस्थित रहे। सभी ने शोधार्थी को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी ने श्रीमति लीना रावटे को बधाई देते हुए कहा कि उनका शोध विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ गणित के क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करेगा।
वहीं, शासकीय वी.वाई.टी. स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अजय कुमार सिंह ने इसे महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता भावी शोधार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री भूपेन्द्र कुलदीप ने भी शोधार्थी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय परिवार ने श्रीमति लीना रावटे को पीएच.डी. उपाधि प्राप्ति पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।

