
मुंबई। टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री जेनिफर विंगेट एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से तलाक के करीब 12 साल बाद जेनिफर अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रही हैं। हालांकि, इन खबरों की अभी तक अभिनेत्री या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, जेनिफर अपने कथित लॉन्ग-टर्म बॉयफ्रेंड विलियम इश्माएल के साथ यूनाइटेड किंगडम में एक निजी समारोह में ईसाई रीति-रिवाज से “व्हाइट वेडिंग” कर सकती हैं। बताया जा रहा है कि इस समारोह में केवल परिवार के चुनिंदा सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि जेनिफर ने इस खास मौके के लिए एक प्रसिद्ध डिजाइनर ब्रांड का विशेष सफेद ब्राइडल गाउन चुना है। हालांकि शादी की तारीख, स्थान और अन्य तैयारियों को लेकर सामने आई जानकारियों पर अब तक आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
कौन हैं विलियम इश्माएल?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विलियम इश्माएल सिंगापुर के बिजनेसमैन हैं और फाइनेंस सेक्टर से जुड़े हुए हैं। बताया जाता है कि वह वर्तमान में एक डिजिटल बिजनेस ग्रुप में बिजनेस डेवलपमेंट एवं ट्रेडिंग डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे अंतरराष्ट्रीय निवेश बैंक UBS में भी लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विलियम मीडिया और ग्लैमर की दुनिया से दूर रहना पसंद करते हैं।
करण सिंह ग्रोवर से हुई थी पहली शादी
जेनिफर विंगेट ने वर्ष 2012 में अपने सह-कलाकार करण सिंह ग्रोवर से विवाह किया था। दोनों की मुलाकात टीवी शो ‘दिल मिल गए’ के दौरान हुई थी। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और वर्ष 2014 में दोनों का तलाक हो गया। बाद में करण सिंह ग्रोवर ने अभिनेत्री बिपाशा बसु से शादी कर ली, जबकि जेनिफर ने अपने अभिनय करियर पर पूरा ध्यान केंद्रित किया।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल जेनिफर विंगेट की दूसरी शादी को लेकर सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में चर्चाओं का दौर जारी है। लेकिन जब तक अभिनेत्री या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक इन खबरों को केवल मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर सामने आई जानकारी माना जाना चाहिए।
