वायरल वीडियो से बेनकाब हुई गुंडागर्दी: युवती से मारपीट मामले में मुख्य आरोपी नूरी खान गिरफ्तार, दो नाबालिगों पर भी कार्रवाई

Spread the love

रायगढ़। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक मारपीट के वीडियो के आधार पर रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नगमा खान उर्फ नूरी खान को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल दो नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच में पता चला कि घटना रायगढ़ के मेरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास हुई थी। वीडियो और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मारपीट करने वाली महिला की पहचान नगमा खान उर्फ नूरी के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।

जांच के दौरान 19 वर्षीय पीड़िता ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि 30 जून की शाम वह अपनी सहेली के साथ मोटरसाइकिल से लौट रही थी। इसी दौरान दो युवतियों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने अपने परिचितों को बुला लिया, जिनमें नूरी खान भी शामिल थी। इसके बाद सभी ने मिलकर पीड़िता के साथ लात-घूंसों और मुक्कों से हमला किया। राहगीरों और पीड़िता की सहेली के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।

पीड़िता के अनुसार, मारपीट करने वाली युवतियां घटना के दौरान वीडियो और सेल्फी भी बना रही थीं। मामूली बात को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल दो नाबालिगों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कहा कि जिले में कानून हाथ में लेने या सरेआम गुंडागर्दी करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे मामलों पर पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी विवाद की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून अपने हाथ में न लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?