राष्ट्रीय एकता शिविर में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे एनएसएस स्वयंसेवक

Spread the love

कुलपति प्रो. डॉ. संजय तिवारी ने दी शुभकामनाएं, हरियाणा में 24 से 30 जून तक होगा आयोजन

दुर्ग, 24 जून 2026। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ के अंतर्गत हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता शिविर (NIC) में भाग लेने जा रहे स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारी का विश्वविद्यालय परिसर में सम्मान किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. संजय तिवारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

24 से 30 जून 2026 तक आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खातोद (महेंद्रगढ़, हरियाणा) में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर में देशभर से चयनित एनएसएस स्वयंसेवक भाग लेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. डॉ. तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता शिविर देश की विविध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को समझने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने प्रतिभागियों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति एवं सामाजिक विरासत का प्रभावी प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. भूपेंद्र कुलदीप, डॉ. राजेश अवस्थी, डॉ. लीना साहू तथा सुरेश कुमार ठाकुर सहित विश्वविद्यालय एवं एनएसएस से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित स्वयंसेवकों में कुणाल नारंग, गरिमा चतुर्वेदी, महिमा रावटे, पवन सोनकर, योगेश कुमार निषाद, चित्रकला वर्मा, लल्ली साहू, देवरत मरकाम एवं पूनम साहू शामिल हैं। दल का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी बसंत यादव करेंगे।

कार्यक्रम समन्वयक प्रो. जनेन्द्र कुमार दीवान ने बताया कि शिविर के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, समूह चर्चा, युवा संवाद, नेतृत्व विकास, सामुदायिक सेवा, व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष शिविर की थीम “युवा फॉर माय भारत एवं युवा फॉर डिजिटल लिटरेसी” निर्धारित की गई है।

विश्वविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को सफल सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?