प्रेमिका से मुलाकात नहीं होने पर नाबालिग बना अपराधी, 24 से अधिक कारों के शीशे तोड़कर की चोरी

Spread the love

सक्ती पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 11 मामलों का खुलासा

सक्ती, 23 जून 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नाबालिग प्रेमिका से मुलाकात नहीं होने पर एक नाबालिग युवक इतना आक्रोशित हो गया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 24 से अधिक कारों के शीशे तोड़ दिए और चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे डाला। पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मुलाकात नहीं होने पर निकाला गुस्सा

पुलिस के अनुसार, 10-11 मई की रात आरोपी कांसीगढ़ के पास स्थित एक गांव में अपनी नाबालिग प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। मुलाकात नहीं होने पर वह नाराज हो गया और अपने साथियों के साथ मालखरौदा तथा जैजैपुर क्षेत्र के कई गांवों में सड़क किनारे खड़ी कारों को निशाना बनाया। आरोपियों ने वाहनों के शीशे तोड़कर नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक-पाना तथा स्टेपनी टायर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।

25 सीसीटीवी फुटेज और 4 हजार कॉल डिटेल की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान 25 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और लगभग 4 हजार मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल का विश्लेषण किया गया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गुलशन बरेठ दिल्ली भागने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू और दो नाबालिग आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

एसपी ने किया खुलासा

सक्ती जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने प्रेमिका से मुलाकात नहीं होने के कारण वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।

दो आरोपी जेल भेजे गए, नाबालिग बाल संप्रेक्षण गृह में

पुलिस ने हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू और गुलशन बरेठ को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि दोनों नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने चोरी और तोड़फोड़ से जुड़े कुल 11 मामलों का खुलासा करने का दावा किया है।

पुलिस की अपील

एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि रात के समय वाहन के भीतर नकदी, मोबाइल, लैपटॉप या अन्य कीमती सामान न छोड़ें तथा वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?