बेलाहीघाट महानदी पुल पर बड़ा हादसा: रेलिंग तोड़कर नीचे लटका ट्रैक्टर, चालक ने कूदकर बचाई जान

Spread the love

नवापारा-राजिम, 19 जून 2026। नवापारा-राजिम स्थित बेलाहीघाट महानदी पुल पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल की लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए किनारे से नीचे लटक गया। हादसे के दौरान चालक ने समय रहते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर मगरलोड के नवागांव क्षेत्र से नवापारा की ओर आ रहा था। इसी दौरान बेलाहीघाट पुल पर चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर रेलिंग तोड़ते हुए पुल के किनारे जा पहुंचा। ट्रैक्टर का इंजन वाला हिस्सा पुल से नीचे हवा में झूलने लगा, जबकि पीछे लगी ट्रॉली पुल पर ही फंसी रही।

चालक की सूझबूझ से बची जान

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। चालक रवि ने बताया कि पुल पर कुछ कारें खड़ी थीं, जिन्हें बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसने तुरंत ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना स्थल नदी के ऐसे हिस्से में था जहां उस समय पानी नहीं था।

लोगों की थम गईं सांसें

पुल से नीचे लटक रहे ट्रैक्टर को देखकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रैक्टर पूरी तरह नीचे गिर जाता या किसी अन्य वाहन को अपनी चपेट में ले लेता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के बाद क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

तेज रफ्तार ट्रैक्टर बने चिंता का विषय

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सुबह के समय नवापारा क्षेत्र में रेत से भरे दर्जनों ट्रैक्टर तेज रफ्तार से आवाजाही करते हैं। निगरानी और कार्रवाई के अभाव में कई चालक लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से ट्रैक्टरों की रफ्तार और यातायात नियमों पर सख्ती से नियंत्रण करने की मांग की है।

फिलहाल इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन घटना ने पुल पर यातायात सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?