स्कूल के बाहर खूनी संघर्ष: 11वीं के दो छात्रों में चाकूबाजी, एक की मौत

Spread the love

तिल्दा-नेवरा। रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में शुक्रवार को स्कूली छात्रों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सासाहोली स्थित सरस्वती स्कूल के 11वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच चाकूबाजी की घटना में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों छात्रों के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूल परिसर के बाहर दोनों आमने-सामने आ गए। इसी दौरान एक छात्र ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के दौरान बचाव करते हुए दूसरे छात्र ने चाकू छीन लिया और पलटवार कर दिया। इस दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में पहले मिशन अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घायल छात्र के बयान के बाद पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि घटना में कुछ अन्य छात्रों की भी भूमिका हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना ने स्कूलों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और किशोरों में आक्रामक व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?