
दुर्ग-भिलाई, 3 जून 2026। सोशल मीडिया पर खुद को ‘किंग’, ‘डॉन’ और ‘गैंगस्टर’ बताकर हथियारों और नशे से जुड़े वीडियो पोस्ट करने वाले युवाओं के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर सार्वजनिक रूप से कान पकड़कर उठक-बैठक कराई और उनका जुलूस निकाला। वहीं, चार नाबालिगों की पहचान कर उनके परिजनों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई।
सोशल मीडिया अकाउंट्स की निगरानी
भिलाई पुलिस और साइबर सेल की टीम लगातार ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर रख रही थी, जिनमें हथियारों का प्रदर्शन, नशे से जुड़े वीडियो और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली पोस्ट साझा की जा रही थीं। जांच के दौरान कुल छह युवकों की पहचान की गई, जिन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया।
चार नाबालिग निकले, हटवाई गईं आपत्तिजनक पोस्ट
पुलिस जांच में सामने आया कि चिन्हित छह युवकों में से चार नाबालिग हैं। उनके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच में कई आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट मिलीं। पुलिस ने तत्काल सभी पोस्ट हटवाई और नाबालिगों के माता-पिता को बुलाकर बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखने की सलाह दी।
दो युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान कुलदीप सिंह (23), निवासी सेक्टर-11 और दुर्गेश सोनी (21), निवासी प्रगति नगर कैंप-1 को गिरफ्तार किया गया। दोनों के मोबाइल फोन में भी आपत्तिजनक सामग्री पाई गई। पोस्ट हटवाने के बाद थाना छावनी पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
सार्वजनिक रूप से कराई उठक-बैठक
पुलिस ने दोनों युवकों को उस स्थान पर ले जाकर उठक-बैठक कराई, जहां उन्होंने पहले मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद उनका जुलूस भी निकाला गया, जिसमें दोनों कान पकड़कर चलते नजर आए। कार्रवाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

सुधार और मार्गदर्शन पर जोर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चारों नाबालिगों को काउंसलिंग और सुधारात्मक प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है ताकि वे भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अपराध या असामाजिक गतिविधियों का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
प्रमुख बिंदु
- सोशल मीडिया पर गैंगस्टर और डॉन की छवि बनाने वाले युवाओं पर कार्रवाई।
- 6 युवकों की पहचान, जिनमें 4 नाबालिग शामिल।
- हथियार और नशे से जुड़े वीडियो व पोस्ट हटवाए गए।
- दो युवकों को गिरफ्तार कर उठक-बैठक कराई गई।
- नाबालिगों के परिजनों को बुलाकर दी गई समझाइश।
- सोशल मीडिया मॉनिटरिंग अभियान जारी रखने का दावा।

