
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दर्दनाक हादसा सामने आया है। पैरी नदी पर बने कूकदा पिकअप वियर में पिकनिक मनाने पहुंचे रायपुर के युवक-युवती की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक रायपुर के शंकर नगर इलाके से चार दोस्त घूमने के लिए गरियाबंद पहुंचे थे। सभी ने कूकदा पिकअप वियर के पास खाना खाने के बाद चेकडैम में नहाने का फैसला किया। इसी दौरान 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना नहाते समय अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
युवती को बचाने के लिए 30 वर्षीय पीयूष मंडल तुरंत पानी में उतरा, लेकिन वह भी नदी की गहराई और तेज बहाव में फंस गया। देखते ही देखते दोनों पानी में समा गए। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए।
एसडीओपी निशा सिन्हा ने बताया कि मामले में पाण्डुका थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
घटना के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और गर्मी के मौसम में नदी-तालाब या चेकडैम में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें।
मुख्य बिंदु
- गरियाबंद के कूकदा पिकअप वियर में हुआ हादसा
- रायपुर से घूमने पहुंचे थे चार दोस्त
- युवती को बचाने गया युवक भी डूबा
- पुलिस और गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
- दोनों शव बरामद, जांच जारी
