45 डिग्री की तपिश में खाकी बनी सहारा, महिला आरक्षक ने प्यास से बेहाल बुजुर्ग को पिलाया पानी, डिप्टी सीएम ने भी की तारीफ

Spread the love

दुर्ग 27 मई 2026। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच दुर्ग पुलिस की एक महिला जवान ने इंसानियत और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुके तापमान के बीच सड़क पर ड्यूटी निभा रही महिला नव आरक्षक केशर साहू ने प्यास से व्याकुल एक बुजुर्ग महिला की मदद कर मानवता का परिचय दिया।

यह भावुक घटना दुर्ग के व्यस्त राजेंद्र पार्क चौक की है, जहां तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्मी के बीच यातायात पुलिस की टीम अपनी जिम्मेदारी निभा रही थी। इसी दौरान महिला आरक्षक केशर साहू की नजर सड़क किनारे बैठी एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी, जो प्यास और गर्मी से बेहद परेशान दिखाई दे रही थी। बुजुर्ग महिला की हालत देखकर महिला जवान तुरंत उसके पास पहुंचीं और बिना किसी देरी के अपनी पानी की बोतल निकालकर उसे पानी पिलाया।

भीषण गर्मी में राहत मिलने के बाद बुजुर्ग महिला के चेहरे पर सुकून दिखाई दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। देखते ही देखते यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोगों ने महिला आरक्षक के सेवा भाव की जमकर सराहना की।

दुर्ग यातायात पुलिस की इस संवेदनशीलता ने यह साबित कर दिया कि खाकी सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट और जरूरत के समय आम लोगों की सबसे बड़ी मददगार भी है। लगातार बढ़ती गर्मी के बावजूद पुलिस जवान शहर की सड़कों पर घंटों ड्यूटी कर रहे हैं और आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय जिम्मेदारियां भी निभा रहे हैं।

इस घटना को लेकर छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर महिला जवान की सराहना की। उन्होंने लिखा, “45 डिग्री की धूप हो या बरसात, मौसम बदलते रहते हैं मगर पुलिस जवान की जिम्मेदारी नहीं बदलती।” गृह मंत्री ने महिला आरक्षक के इस सेवा भाव को सलाम करते हुए इसे पुलिस विभाग के मानवीय चेहरे की मिसाल बताया।

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर के बाद लोग दुर्ग पुलिस और महिला जवान की प्रशंसा कर रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि आज के दौर में जहां लोग अक्सर अपने काम से मतलब रखते हैं, वहां पुलिस जवान द्वारा दिखाई गई यह संवेदनशीलता समाज के लिए प्रेरणादायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?