
दुर्ग, 25 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा सामने आया है। STF कॉलोनी में हुई इस खौफनाक घटना के पीछे अवैध संबंध और आपसी विवाद को मुख्य वजह बताया जा रहा है। इस वारदात में आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हैं।
दो साल से चल रहा था संबंध, शादी का दबाव बना कारण
पुलिस के मुताबिक, आरक्षक ललितेश यादव और आरोपी सरोजनी भारद्वाज के बीच पिछले करीब दो वर्षों से संबंध थे। आरोपी युवती लगातार आरक्षक पर शादी करने और साथ रहने का दबाव बना रही थी। घटना से एक दिन पहले भी वह घर पहुंची थी, लेकिन समझाइश के बाद वापस लौट गई थी। हालांकि, अगले ही दिन उसने फिर घर पहुंचकर वारदात को अंजाम दे दिया।
एनिवर्सरी के दिन घर पहुंची आरोपी
घटना के दिन आरक्षक अपनी शादी की सालगिरह के अवसर पर परिवार को उत्तर प्रदेश भेजने की तैयारी में था और रेलवे स्टेशन टिकट बुक कराने गया हुआ था। इसी दौरान सुबह आरोपी युवती घर पहुंची। उस समय घर में पत्नी रीना यादव, दो बेटियां और 9 वर्षीय बेटा मौजूद थे।
पहले खाना मांगा, फिर किया हमला
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी ने घर पहुंचकर पहले खाना मांगा, जिसे मृतका ने दे दिया। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर पहले सो रहे बच्चे पर हमला कर दिया, इसके बाद महिला पर ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस के मुताबिक, महिला और बच्चे पर कई बार चाकू से हमला किया गया, जिससे दोनों की मौत हो गई।
बेटियों की सूझबूझ से बची जान
हमले के दौरान घर में मौजूद दोनों बेटियों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। एक बेटी बाथरूम में छिपकर बच गई, जबकि दूसरी किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
दो बेटियां घायल, एक की हालत गंभीर
इस हमले में दोनों बेटियां भी घायल हुई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस हिरासत में आरोपी, हर एंगल से जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
रिश्तों का तनाव बना खूनी अंजाम
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि निजी संबंधों में बढ़ता तनाव और विवाद किस तरह खतरनाक रूप ले सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें, न कि हिंसा का।
