
दुर्ग-भिलाई | 16 अप्रैल 2026
दुर्ग जिले में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और जब युवती के परिजनों ने शादी की बात उठाई तो वह मुकर गया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई पहचान
पीड़िता के अनुसार, उसकी पहचान वर्ष 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से दुर्ग निवासी सौरभ राजपूत से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद युवक ने शादी का भरोसा दिलाया और मिलने के लिए दुर्ग बुलाया।
दुर्ग में पहली घटना
5 मार्च 2026 को युवती दुर्ग पहुंची, जहां आरोपी उसे सिकोला भाटा स्थित अपने बड़े भाई के घर ले गया। आरोप है कि वहां उसने शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने के बावजूद आरोपी नहीं माना।
उज्जैन ले जाकर किया शोषण
शिकायत में यह भी बताया गया कि 28 मार्च को आरोपी युवती को उज्जैन घुमाने के बहाने ले गया, जहां भी उसने लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद दुर्ग लौटकर भी वह युवती को अपने पास रखता रहा और शादी का झांसा देता रहा।
अंतिम बार गांव में वारदात
11 अप्रैल 2026 को आरोपी युवती को अपने नानी के गांव संबलपुर ले गया, जहां एक रात रुकवाकर फिर दुष्कर्म किया। अगले दिन उसे उसके गांव छोड़ दिया।
शादी का दबाव बना तो आरोपी फरार
जब युवती के परिजनों ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी पहले दो साल बाद शादी की बात कहता रहा, लेकिन बाद में फरार हो गया। अब वह फोन पर भी शादी से इनकार कर रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता की शिकायत पर मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी सौरभ राजपूत के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

