
रायगढ़, 20 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले में भी अफीम की खेती पकड़ी गई है। तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में एक किसान के खेत में लगभग एक एकड़ में अफीम की फसल लहलहाती हुई पाई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैसे ही प्रशासन को इस अवैध खेती की सूचना मिली, पूरे जिले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसएसपी और जिला प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई और जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित किसान द्वारा बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही थी, जिसकी भनक प्रशासन को देर से लगी। फिलहाल मौके पर पहुंची टीम फसल का निरीक्षण कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
गौरतलब है कि इससे पहले दुर्ग जिले के समोदा और बलरामपुर जिले के त्रिपुरी गांव में भी अफीम की खेती का मामला सामने आ चुका है। बलरामपुर में पुलिस ने दो खेत मालिकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया था कि जमीन लीज पर लेकर अफीम की खेती की जा रही थी।
प्रशासन के लिए चुनौती
लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इस अवैध खेती के पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है और यह गतिविधि किन-किन क्षेत्रों तक फैली हुई है।
फिलहाल रायगढ़ प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

