
भिलाई/दुर्ग।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पकड़ी गई अवैध अफीम की खेती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में राजस्थान कनेक्शन सामने आया है। दुर्ग पुलिस ने अफीम के बीज सप्लाई करने वाले आरोपी छोटूराम को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक अब तक इस मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें दो आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं। इनमें अफीम खेती का मास्टरमाइंड विकास बिश्नोई और बीज सप्लायर छोटूराम शामिल हैं। वहीं समोदा गांव का निवासी मनीष ठाकुर भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार अवैध अफीम की खेती दुर्ग जिले के समोदा–झेनझरी गांवों के बीच शिवनाथ नदी किनारे की जमीन पर की जा रही थी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर लगी अफीम की फसल को नष्ट कर दिया गया। मौके से हजारों अफीम के पौधे, कई किलो डोडा और फूल भी जब्त किए गए हैं। जब्त की गई अफीम की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
फिलहाल सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। इस कार्रवाई के लिए दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल ने एसीसीयू दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा-सिरसा की संयुक्त टीम की सराहना की है।
