
अर्जुंदा/बालोद। छत्तीसगढ़ विधानसभा में 10 मार्च को आयोजित राज्य स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम में ग्राम माहुद बी के युवा प्रतिभागी पुष्पराज साहू ने बालोद जिले का प्रतिनिधित्व किया। जिला स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुष्पराज ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया था।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान विधानसभा भवन में आयोजित सत्र में उन्होंने “केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर भारतीय युवाओं के मार्ग को सुदृढ़ बनाना” विषय पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं की शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार, स्टार्टअप तथा आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार साझा किए।
विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश के विकास और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है। इसके माध्यम से युवाओं को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुष्पराज साहू की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों एवं उनके साथियों ने हर्ष व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि पुष्पराज एक सक्रिय युवा के रूप में समाज और राष्ट्र के विकास के लिए लगातार अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
