दुर्ग में 5 एकड़ में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़: भाजपा नेता समेत 3 गिरफ्तार, फार्महाउस में तैनात थे बाउंसर

Spread the love

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 एकड़ से अधिक जमीन पर की जा रही अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया है। इस मामले में भाजपा नेता और पूर्व किसान मोर्चा अध्यक्ष विनायक ताम्रकर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। खेत से करीब 14 लाख 30 हजार अफीम के पौधे बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 7.88 करोड़ रुपए आंकी गई है। मामला जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम समोदा और झेनझरी के बीच स्थित एक फार्महाउस का है।
प्रशासन की टीम को गुप्त सूचना मिलने के बाद शनिवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खेत में छापा मारा गया। जांच में करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में अफीम की खेती पाई गई। पुलिस ने मौके से अफीम के पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया है और उन्हें नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में विनायक ताम्रकर के अलावा उसके सहयोगी विकास बिश्नोई और फार्महाउस के मुंशी मनीष ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दो अन्य आरोपी आंचला राम और श्रवण बिश्नोई फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीम राजस्थान भेजी गई है।

राजस्थान के मजदूर करते थे खेती का काम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले चार साल से अफीम की खेती कर रहे थे। इसके लिए राजस्थान के जयपुर क्षेत्र से मजदूर बुलाए गए थे। पूछताछ में विकास बिश्नोई ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से विनायक ताम्रकर के संरक्षण में यह काम कर रहा था।

फार्महाउस में कड़ी सुरक्षा, तैनात थे बाउंसर
अवैध खेती को छिपाने के लिए फार्महाउस के चारों ओर गेट लगाए गए थे और सुरक्षा के लिए बाउंसर तैनात किए गए थे। मजदूरों के रहने के लिए फार्महाउस में पक्की व्यवस्था की गई थी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण गांव के लोगों को लंबे समय तक इस अवैध खेती की जानकारी नहीं मिल सकी।

डिजिटल सर्वे में दिखाई गई थी गेहूं-मक्का की खेती
पुलिस के अनुसार डिजिटल सर्वे में इस जमीन पर गेहूं और मक्का की खेती दर्ज थी। इसी की आड़ में बड़े पैमाने पर अफीम उगाई जा रही थी। अधिकारियों के मुताबिक करीब 10 हजार वर्ग फीट क्षेत्र से लगभग 21 किलो अफीम तैयार हो सकती है। ब्लैक मार्केट में इसकी कीमत 1 से 2 लाख रुपए प्रति किलो और अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 5 लाख रुपए प्रति किलो तक बताई जाती है।

दो महिलाओं के नाम पर दर्ज है जमीन
जमीन का रिकॉर्ड मुधमति बाला और प्रीति बाला के नाम पर दर्ज है। पुलिस दोनों महिलाओं से भी पूछताछ करेगी। जांच में संलिप्तता मिलने पर उन्हें भी आरोपी बनाया जा सकता है।

मामले पर सियासत तेज
मामले के सामने आने के बाद राजनीति भी गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा और पूरे नेटवर्क की जांच होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?