
फरसगांव/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। कांग्रेस पार्टी ने वरिष्ठ आदिवासी नेता Phulo Devi Netam को एक बार फिर राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के इस फैसले के बाद बस्तर संभाग सहित उनके गृह क्षेत्र फरसगांव में खुशी का माहौल है। समर्थकों ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर जश्न मनाया।
जानकारी के मुताबिक, राज्यसभा नामांकन की प्रक्रिया के लिए फूलो देवी नेताम अपने रायपुर स्थित निवास से रवाना हो गईं। इस दौरान उनके साथ छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel भी मौजूद रहे। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे बस्तर क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।
स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि फूलो देवी नेताम लंबे समय से क्षेत्र की सक्रिय नेता रही हैं और आदिवासी समाज के साथ-साथ आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही हैं। पार्टी का यह निर्णय उनके अनुभव और संगठन में योगदान को देखते हुए लिया गया है।
रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में फूलो देवी नेताम ने कहा कि पार्टी ने उन पर एक बार फिर भरोसा जताया है, जिसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वे हमेशा एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करती रही हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्यसभा में उन्हें जब भी बोलने का मौका मिला, उन्होंने अपने क्षेत्र और प्रदेश से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। आने वाले समय में महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और बस्तर क्षेत्र के विकास को वे अपनी प्राथमिकता बनाएंगी।


