
बिलासपुर। होली से पहले रंगों का उत्सव उस समय हंगामे में बदल गया, जब गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) परिसर में आयोजित प्री-होली कार्यक्रम के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा आयोजित ‘रंगोत्सव 6.0’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक भवन से लगभग 50 मीटर दूर स्थित गुरु घासीदास बाबा की प्रतिमा के पास किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर तक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा और छात्रों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। घटना के दौरान मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई।
प्रशासन ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल किसी के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आगामी कार्यक्रम को लेकर चिंता
गौरतलब है कि 2 मार्च को ‘रंगबरसे 5.0’ थीम पर एक और प्री-होली कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में ताजा घटना के बाद विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों और अभिभावकों ने आगामी कार्यक्रमों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।


