
रायपुर। राजधानी रायपुर के कचना रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन की कथित लापरवाही के चलते एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनें आमने-सामने आ गईं, जबकि फाटक का एक साइड खोल दिए जाने से राहगीर ट्रैक पार करने लगे थे। समय रहते लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों ट्रैकों के बीच खाली स्थान पर खड़े होकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना मंगलवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच की है। शहर से कचना की ओर जाने वाले पहले रेलवे फाटक पर एक ट्रैक पर पहले से ट्रेन गुजर रही थी। इसी दौरान गेटमैन ने क्रॉसिंग का एक तरफ का गेट खोल दिया। गेट खुलते ही शहर की ओर से रायपुर जाने वाले राहगीर ट्रैक पार करने लगे। तभी दूसरे ट्रैक पर तेज रफ्तार से दूसरी ट्रेन आ पहुंची। अचानक दो ट्रेनों की आवाज और स्थिति देखकर लोग घबरा गए और ट्रैक के बीच खड़े होकर खुद को सुरक्षित किया।
मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों ओर से ट्रेनें गुजर रही हैं और बीच में लोग खड़े नजर आ रहे हैं।
हालांकि, इस संबंध में रेलवे प्रशासन से संपर्क करने पर अधिकारियों ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि इससे पहले भी इस तरह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जो किसी अन्य स्थान का पाया गया था। वहीं स्थानीय जानकारों और प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि वायरल वीडियो कचना रेलवे फाटक का ही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

