
दुर्ग-भिलाई |
दुर्ग जिले की छावनी थाना पुलिस ने रेलवे में पक्की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 7 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के रीवा में छिपे हुए थे। पुलिस टीम ने दबिश देकर उन्हें पकड़ा और भिलाई लाया। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस के अनुसार, प्रगति नगर कैंप-1 भिलाई निवासी सरोज पटेल (43) ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पायल पांडे और सिद्धुमन उर्फ लाल पांडे ने उनके बेटे पीयूष को रेलवे में पक्की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। आरोपियों ने दावा किया था कि रेलवे विभाग में उनके अच्छे संपर्क हैं और वे नियुक्ति सुनिश्चित करवा देंगे।
आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित परिवार ने अलग-अलग समय पर कुल 7 लाख रुपये उन्हें दे दिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो परिवार को संदेह हुआ। पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और बाद में संपर्क बंद कर दिया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी रीवा में रह रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान नगद राशि और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने पहले भी नौकरी के नाम पर अन्य लोगों से ठगी की है या नहीं। यदि अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

