
दुर्ग। शहर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शिवनाथ नदी के पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। घटना जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत चिखली के पास की बताई जा रही है।
सुबह लोगों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने चिखली स्थित शिवनाथ नदी पुल के नीचे एक व्यक्ति की लाश पड़ी देखी। शव दिखाई देते ही इलाके में दहशत फैल गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
50-55 वर्ष आयु का अनुमान
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मृत्यु के कारणों का पता लगाया जा सके।
‘गौतम चंद’ नाम का टैटू मिला
अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामले में रहस्य बना हुआ है। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के बाएं हाथ पर ‘गौतम चंद’ नाम गोदना (टैटू) के रूप में लिखा मिला है।
इसी आधार पर पुलिस पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है। आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है।


