वैशाली नगर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने रचा सफलता का इतिहास, विश्वविद्यालय की प्रवीण्य सूची में कई छात्रों ने दर्ज कराई शानदार उपस्थिति

Spread the love

भिलाई। हेमचंद दुर्ग विश्वविद्यालय द्वारा सत्र 2024-25 की स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं की प्रवीण्य सूची घोषित होते ही इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर भिलाई में हर्ष और गौरव का वातावरण बन गया। विश्वविद्यालय स्तर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता और निरंतर परिश्रम का प्रमाण प्रस्तुत किया है।
स्नातकोत्तर कक्षाओं में एम.ए. राजनीति विज्ञान विषय से रेशमा ने प्रवीण्य सूची में सातवां तथा साक्षी शुक्ला ने आठवां स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। वहीं एम.ए. अंग्रेजी विषय के छात्र मोहम्मद फैज ने नौवां स्थान अर्जित कर महाविद्यालय की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ा।
इसी क्रम में स्नातक स्तर पर होम साइंस विभाग की छात्रा जीनत खातून ने विश्वविद्यालय की प्रवीण्य सूची में दसवां स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया।
महाविद्यालय की मार्गदर्शक एवं प्राचार्य डॉ. श्रीमती अलका मेश्राम ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की लगन, अनुशासन एवं शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने इसे आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
संबंधित विभागों के प्राध्यापक डॉ. मेरिली राय, डॉ. रविंदर छाबड़ा, डॉ. किरण रामटेके, डॉ. आरती दिवान एवं डॉ. अमृतेष शुक्ला ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित किया।
छात्रों की इस ऐतिहासिक सफलता पर समस्त महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक बताया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?