अबूझमाड़ के जंगलों में नक्सलियों का बड़ा ‘डंप’ बरामद; भारी मात्रा में राशन और IED जप्त

Spread the love

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के घोर नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी कामयाबी मिली है। नारायणपुर पुलिस, डीआरजी (DRG) और आईटीबीपी (ITBP) की 53वीं वाहिनी ने एक संयुक्त अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा घने जंगल में छिपाकर रखा गया एक विशाल डंप बरामद किया है। इस डंप में भारी मात्रा में विस्फोटक और दैनिक उपयोग की सामग्री मिली है।

मडोड़ा और भोटोर के बीच मिली सफलता

सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच घने जंगलों में सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान उन्हें जमीन में दबा हुआ नक्सलियों का ठिकाना मिला। तलाशी लेने पर वहां से भारी मात्रा में डेटोनेटर, प्लास्टिक ड्रम, बड़ी मात्रा में राशन और नक्सलियों के दैनिक उपयोग की सामग्रियां बरामद हुईं।

प्रेशर कुकर आईईडी को किया नष्ट

सर्च ऑपरेशन के दौरान आईटीबीपी की बम निरोधक टीम (BDS) को मौके पर एक प्रेशर कुकर आईईडी (विस्फोटक) भी मिला। नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से इसे वहां छिपाया था। खतरे को देखते हुए बीडीएस टीम ने बिना वक्त गंवाए आईईडी को सुरक्षित तरीके से मौके पर ही नष्ट कर दिया।

नक्सलियों की रसद सप्लाई पर चोट

पुलिस के अनुसार, नक्सली अक्सर घने जंगलों में अपना राशन और हथियार ऐसे ही डंप बनाकर छिपा देते हैं ताकि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल कर सकें। इस डंप की बरामदगी से नक्सलियों की रसद और सामग्री सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग और तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?