फर्जी प्रेस विज्ञप्ति वायरल: बस्तर पुलिस ने किया अलर्ट, अभ्यर्थियों से सतर्क रहने की अपील

Spread the love

जगदलपुर। बस्तर क्षेत्र से एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है, जहां जिला पुलिस बल आरक्षक भर्ती से संबंधित एक कथित प्रेस विज्ञप्ति सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस दस्तावेज़ में दावा किया जा रहा है कि वर्ष 2023-24 की चयन सूची 8 दिसंबर को जारी होगी और मेडिकल टेस्ट 15 जनवरी से प्रारंभ किए जाएंगे। वायरल हुई इस विज्ञप्ति को बस्तर एसपी के नाम से जारी बताया गया है।

हालांकि बस्तर पुलिस ने इस कथित विज्ञप्ति को पूरी तरह फर्जी करार दिया है। मामले पर एडिशनल एसपी महेश्वर नाग ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित हर आधिकारिक सूचना केवल PHQ की ऑफिशियल वेबसाइट पर ही प्रकाशित की जाती है। उन्होंने अभ्यर्थियों को चेताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित इस तरह की फर्जी सूचनाओं पर विश्वास न करें।

पुलिस अधिकारियों ने आशंका जताई है कि ऐसी अफवाहों का फायदा उठाकर कुछ लोग अभ्यर्थियों से पैसे या दस्तावेज़ मांगकर ठगी कर सकते हैं। इसलिए अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध संदेश या दस्तावेज़ की सत्यता जांचे बिना उसे न तो मानें और न ही साझा करें।

फिलहाल बस्तर पुलिस ने साइबर टीम को मामले में सक्रिय कर दिया है, और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ऐसी भ्रामक पोस्टों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने दोहराया कि अभ्यर्थी केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें और किसी भी प्रकार की ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?