दुर्ग में दो पेट्रोल पंप की सप्लाई स्थगित, कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन

Spread the love

‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान में नियमों का उल्लंघन; विकास कार्यों के लिए करोड़ों की स्वीकृति

दुर्ग।
जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान के तहत रिसाली क्षेत्र में दो पेट्रोल पंपों पर की गई जांच में नियमों का उल्लंघन पाया गया। निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि बिना हेलमेट लगाए दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा था। सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना करने पर दोनों पेट्रोल पंपों की सप्लाई आगामी आदेश तक स्थगित कर दी गई है।

खाद्य विभाग की टीम ने महामाया फ्यूल्स और रिलायंस बीपी मोबिलिटी लिमिटेड (पुलगांव नाका) पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार जिले में बिना हेलमेट पेट्रोल वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध है। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए पेट्रोल वितरण रोकने का आदेश दिया गया।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए हेलमेट पहनकर ही पेट्रोल भरवाएं।


दुर्ग और पाटन में विकास कार्यों को स्वीकृति

सांसद विजय बघेल की अनुशंसा पर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जनपद पंचायत दुर्ग और नगर पंचायत पाटन में विकास कार्यों के लिए 14.98 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

जनपद पंचायत दुर्ग: चंदखुरी केनाल पारा में कॉमन वर्क शेड, कव्हर्ड सिटिंग एरिया और डोम शेड निर्माण हेतु 7 लाख रुपये।

नगर पंचायत पाटन: इंदिरा नगर वार्ड 02, बठेना रोड के पास सामुदायिक केंद्र एवं कम्युनिटी हॉल निर्माण हेतु 7.98 लाख रुपये।


वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में 23.99 लाख के कार्यों को स्वीकृति

वैशाली नगर क्षेत्र में आठ निर्माण कार्यों के लिए 23.99 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

वार्ड 07, राधिका नगर: गणेश मंदिर के पीछे सार्वजनिक सामुदायिक भवन निर्माण – 5 लाख रुपये।

वार्ड 12, रानी अवंती बाई कोहका: शिक्षक नगर बाल उद्यान के पास डोम शेड निर्माण – 2 लाख रुपये।

वार्ड 20, न्यू वैशाली नगर और आसपास के क्षेत्र: सड़क मुरूमीकरण (WMM) के लिए 3-3 लाख रुपये, तथा कालीबाड़ी क्षेत्र के लिए 1.99 लाख रुपये।

इन कार्यों का निष्पादन जनपद पंचायत, नगर पंचायत और नगर पालिक निगम भिलाई के माध्यम से किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?