
पुष्पा-2 और धुरंधर-2 के बाद सबसे तेज 500 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली फिल्मों में शामिल हुई रामायण | ट्रेड विशेषज्ञों के मुताबिक हिट होने के लिए भारत में 1100 करोड़ का कारोबार जरूरी
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण पार्ट-1 ने रिलीज के महज चार दिनों में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कमाई का नया रिकॉर्ड कायम किया है। फिल्म ने दुनियाभर में 507.20 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ ही फिल्म वर्ष 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है और भारतीय फिल्मों की कमाई के मामले में भी शीर्ष फिल्मों में शामिल हो गई है।
कलेक्शन ट्रैकर वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने भारत में चार दिनों के भीतर 252.78 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसका ग्रॉस कलेक्शन 301.64 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में शानदार प्रदर्शन के चलते फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 507.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
500 करोड़ क्लब में शामिल होने की रफ्तार में धुरंधर-2 से पीछे
रामायण पार्ट-1 ने चार दिनों में 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, लेकिन सबसे तेज यह उपलब्धि हासिल करने के मामले में फिल्म अभी धुरंधर-2 से पीछे है। धुरंधर-2 ने महज तीन दिनों में दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था। वहीं पुष्पा-2 और बाहुबली-2 भी तेजी से 500 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली फिल्मों में शामिल हैं।
फिल्म की मौजूदा कमाई को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह बॉक्स ऑफिस पर और बड़े रिकॉर्ड बना सकती है। इसकी नजर अब 574 करोड़ रुपये के कलेक्शन वाली दृश्यम-3 के रिकॉर्ड पर भी है।
हिट होने के लिए 1100 करोड़ रुपये की कमाई जरूरी
फिल्म की शानदार शुरुआत के बावजूद इसके व्यावसायिक प्रदर्शन को लेकर ट्रेड विशेषज्ञों ने बड़े लक्ष्य की ओर इशारा किया है। ट्रेड एक्सपर्ट सुमित कडेल के मुताबिक, रामायण को हिंदी बाजार में हिट होने के लिए लगभग 900 से 1000 करोड़ रुपये का कलेक्शन करना होगा। वहीं, दुनियाभर में फिल्म की कमाई का लक्ष्य लगभग 2500 करोड़ रुपये होना चाहिए।
ट्रेड एनालिस्ट रोहित जायसवाल के अनुसार, फिल्म का बजट लगभग 2000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में इसकी थिएट्रिकल वैल्यू करीब 1200 करोड़ रुपये आंकी जा सकती है। उनके मुताबिक, फिल्म के लिए भारतीय बाजार सबसे महत्वपूर्ण है और यहां लगभग 840 करोड़ रुपये की कमाई भी इसे हिट घोषित करने के लिए पर्याप्त नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि वितरकों और प्रदर्शकों के हिस्से की कमाई को ध्यान में रखते हुए फिल्म को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगभग 1100 करोड़ रुपये तक का कारोबार करना होगा, तभी इसे हिट की श्रेणी में रखा जा सकेगा।
बॉक्स ऑफिस पर आगे की कमाई पर टिकी नजरें
रामायण पार्ट-1 की शुरुआती सफलता ने फिल्म उद्योग और दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि, शुरुआती चार दिनों की कमाई के बाद अब फिल्म के लिए असली चुनौती सप्ताह के सामान्य दिनों में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक आकर्षित बनाए रखना होगी। आने वाले दिनों का कलेक्शन ही तय करेगा कि फिल्म अपने बड़े बजट के अनुरूप व्यावसायिक सफलता हासिल कर पाती है या नहीं।

