
बिलासपुर में छात्रों के विरोध के बाद प्रशासन ने लिया फैसला, सरकारी के साथ निजी जमीन की भी होगी जांच; सीमांकन से स्पष्ट होगी छात्रावास परिसर की वास्तविक सीमा
बिलासपुर। सरकंडा के चांटीडीह में छात्रावास की जमीन पर सड़क और नाली निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। छात्रावास की बाउंड्रीवाल तोड़कर सड़क निर्माण कराए जाने का विरोध कर रहे छात्रों की शिकायत के बाद अब सरकारी और निजी जमीन का नए सिरे से सीमांकन कराया जाएगा। अपर कलेक्टर (ADM) शिव बनर्जी ने मौके का निरीक्षण करने के बाद 12 सदस्यीय जांच दल गठित किया है। टीम को दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
बाउंड्रीवाल तोड़कर सड़क निर्माण से नाराज हैं छात्र
दरअसल, साइंस कॉलेज से चांटीडीह तक सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इस निर्माण के लिए शासकीय पोस्ट मैट्रिक बालक एवं बालिका छात्रावास परिसर की बाउंड्रीवाल तोड़ी गई है। इसे लेकर छात्र लगातार विरोध जता रहे हैं। उनका कहना है कि छात्रावास की जमीन पर सड़क और नाली निर्माण होने से परिसर की सुरक्षा प्रभावित होगी। साथ ही छात्रावास की उपलब्ध जमीन भी कम हो सकती है।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर छात्रों ने किया था विरोध प्रदर्शन
निर्माण कार्य के विरोध में छात्रावास के विद्यार्थी कलेक्ट्रेट पहुंचे थे और प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। छात्रों ने छात्रावास परिसर की जमीन पर सड़क निर्माण को सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद ADM शिव बनर्जी अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल पहुंचे और सड़क के साथ आसपास की सरकारी जमीन का निरीक्षण किया।
खसरा नंबर 561/4 के रकबे में मिली विसंगति
निरीक्षण के दौरान खसरा नंबर 561/4 की सरकारी जमीन का रकबा राजस्व नक्शे के अनुसार मौके पर उपलब्ध नहीं मिला। इस जमीन पर अनुसूचित जाति बालक आश्रम, अन्य पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर, पोस्ट मैट्रिक बालक एवं बालिका छात्रावास और परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। जमीन के रकबे और वास्तविक स्थिति में अंतर सामने आने के बाद प्रशासन ने नए सिरे से सीमांकन कराने का निर्णय लिया है।
निजी जमीन के खसरा नंबर 560 और 559 की भी होगी जांच
प्रशासन की ओर से प्रस्तावित सीमांकन में केवल सरकारी जमीन ही नहीं, बल्कि आसपास के निजी भूखंडों को भी शामिल किया गया है। खसरा नंबर 560, 559 सहित अन्य भूखंडों की वास्तविक सीमाओं का निर्धारण किया जाएगा। राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर सीमांकन एवं चिन्हांकन करेगी। इससे सड़क निर्माण के लिए उपलब्ध जमीन और छात्रावास परिसर की वास्तविक सीमा स्पष्ट हो सकेगी।
एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी और अपर आयुक्त करेंगे जांच का नेतृत्व
12 सदस्यीय जांच दल का नेतृत्व एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी और नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार करेंगे। टीम में नायब तहसीलदार समर्थ थवाईत, भू-अभिलेख शाखा के सहायक अधीक्षक पीयूष दीवान, राजस्व निरीक्षक परमेश्वर साहू और अनंत सुशील एक्का को शामिल किया गया है।
इसके अलावा नगर निगम के उप अभियंता रमन छाबड़ा और जुगल किशोर सिंह तथा पटवारी हरीश जैन, रूपेश गुरुदीवान, विकास जायसवाल और पराग महिलाने भी जांच दल का हिस्सा होंगे।
दो दिन में रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी आगे की स्थिति
प्रशासन ने जांच दल को दो दिन के भीतर सीमांकन और जांच की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर सरकारी और निजी जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद सड़क एवं नाली निर्माण को लेकर आगे की कार्रवाई तय की जा सकेगी। फिलहाल छात्रों की आपत्ति और जमीन के सीमांकन को लेकर प्रशासनिक जांच पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
