अंबिकापुर में 50 लाख की हेराफेरी पर बवाल, व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल को घेरा; TI को फोन कर बोले- मुझे बंधक बना लिया, पुलिस भेजिए

Spread the love

एक महीने से गिरफ्तारी का इंतजार कर रहे व्यापारियों ने अग्रसेन भवन में मंत्री से की शिकायत, TI ने मांगे दो दिन; कथित खर्चा-पानी देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का लगाया आरोप

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 50 लाख रुपए से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में हुई इस कथित गड़बड़ी के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को मंत्री राजेश अग्रवाल के सामने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया और उनसे अनोखे अंदाज में कहा कि व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है, बांधकर बैठा दिया है, मुझे छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए। मंत्री और TI के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

व्यापारियों ने मंत्री को बताई पुलिस की कार्रवाई की हकीकत, TI पर भी लगाए आरोप

सोमवार देर शाम मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर के अग्रसेन भवन पहुंचे थे। यहां व्यापारियों ने उनसे शिकायत करते हुए कहा कि करीब 50 लाख रुपए से अधिक के सामान की हेराफेरी के मामले में पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन एक महीने बीतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। व्यापारियों का आरोप था कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।

इस दौरान व्यापारियों ने कोतवाली थाना प्रभारी पर खर्चा-पानी के नाम पर पैसे देने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि कथित रूप से पैसे दिए जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और व्यापारी लगातार परेशान हो रहे हैं।

मंत्री ने TI को लगाया फोन, बोले- अपराधी नहीं पकड़ पा रहे तो मुझे छुड़ाने पुलिस भेजिए

व्यापारियों की नाराजगी देखकर मंत्री राजेश अग्रवाल ने तत्काल कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया। उन्होंने बातचीत के दौरान कहा कि व्यापारी मुझे बंधक बनाकर बैठा लिए हैं और बांध दिया है। मुझे छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए। मंत्री के इस अंदाज में शिकायत करने पर थाना प्रभारी ने मामले में कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा।

इस पर मंत्री ने कहा कि दो-तीन दिन के भीतर कार्रवाई कर इसकी जानकारी दें। इस बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

फर्जी सील और नकदी रसीद बनाकर चार महीने से निकाल रहे थे सामान

पूरा मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कंपनी की बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की पर कंपनी की फर्जी सील तैयार कर सामान की हेराफेरी करने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के मुताबिक, दोनों पिछले चार महीनों से फर्जी नकदी रसीद तैयार कर कंपनी से सामान निकाल रहे थे। सामान को पिकअप और अन्य मालवाहक वाहनों के माध्यम से गंगापुर स्थित एक गोदाम में पहुंचाया जाता था। यहां से अलग-अलग दुकानों में इसकी सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है।

कर्मचारी की सूचना से खुला मामला, जांच में 50 लाख से अधिक की हेराफेरी

21 अक्टूबर को कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी सचिन टोप्पो ने संचालक कान्हा अग्रवाल को फर्जी नकदी रसीद के जरिए सामान निकाले जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद संचालक ने कंपनी की रसीदों और हिसाब-किताब की जांच कराई। जांच में 50 लाख रुपए से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी का खुलासा हुआ।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अंजुम निशा, रविंद्र यादव और रूपेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के करीब एक महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस को दो दिन की मोहलत

50 लाख रुपए की कथित हेराफेरी और आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर व्यापारियों की नाराजगी अब मंत्री तक पहुंच गई है। मंत्री राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी से सीधे बात कर कार्रवाई की समय-सीमा तय करने को कहा है। TI द्वारा दो दिन का समय मांगे जाने के बाद अब व्यापारियों को पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और व्यापारियों द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?