आईसीयू में पंजीकृत एमबीबीएस डॉक्टर नहीं, पोर्टल पर भर्ती तीन मरीज अस्पताल में नहीं मिले; दूसरे अस्पताल में भर्ती मरीज का दुर्ग से बनाया गया आयुष्मान क्लेम
दुर्ग। आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज और क्लेम में कथित अनियमितताओं को लेकर दुर्ग के पद्मनाभपुर स्थित वीवाई अस्पताल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। 16 नवंबर को प्रशासन की छापेमारी के बाद गठित जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी है। जांच में आयुष्मान भारत योजना और नर्सिंग होम एक्ट के नियमों के उल्लंघन से जुड़ी आठ गंभीर खामियां सामने आई हैं। वहीं, खैरागढ़ में भी अस्पताल संचालित करने और मरीज को दुर्ग में भर्ती दिखाकर आयुष्मान योजना के तहत क्लेम तैयार करने का मामला सामने आया है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल के आईसीयू में कोई पंजीकृत एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद नहीं था। वार्ड में महिला मरीजों के साथ पुरुष मरीजों को भी भर्ती किया गया था। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से संबंधित ड्यूटी रोस्टर भी उपलब्ध नहीं मिला। आयुष्मान पोर्टल पर दर्ज 17 मरीजों की जांच के दौरान तीन मरीज कुंती बाई, सुनीता साहू और दीवान सिंह मौके पर नहीं मिले।
जांच अधिकारियों को भर्ती मरीजों की फाइल में वाई डायग्नोसिस सेंटर एंड पैथोलॉजी लेबोरेटरी की रिपोर्ट संलग्न मिली, जबकि अस्पताल में इस नाम की कोई लैब संचालित नहीं पाई गई। मरीजों से पूछताछ में उनके बताए गए लक्षण और मेडिकल फाइल में दर्ज बीमारी के निदान में भी काफी अंतर सामने आया।
रिपोर्ट में आईसीयू में भर्ती मरीज सुनीता के सीजर ऑपरेशन को लेकर भी उल्लेख किया गया है। बताया गया कि यह प्रक्रिया डॉ. विनीता ध्रुवे द्वारा किए जाने की जानकारी दी गई थी। इन सभी बिंदुओं को जांच टीम ने नियमों के उल्लंघन से जुड़ी खामियों में शामिल किया है।
खैरागढ़ में एसएस अस्पताल के नाम से अवैध संचालन का आरोप
मामले में एक और गंभीर खुलासा राजनांदगांव निवासी रोहित कुमार की शिकायत के बाद हुआ है। सीएमएचओ खैरागढ़ द्वारा गठित चार सदस्यीय जांच टीम की रिपोर्ट में सामने आया कि वीवाई अस्पताल के संचालक डॉ. विश्वनाथ यादव द्वारा खैरागढ़ क्षेत्र के ठेलकाडीह में एसएस अस्पताल के नाम से कथित रूप से अवैध अस्पताल संचालित किया जा रहा था।
जांच के मुताबिक, रोहित को भौतिक रूप से एसएस अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन आयुष्मान योजना से संबंधित रिकॉर्ड में उसका उपचार 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक दुर्ग स्थित वीवाई अस्पताल में दर्शाया गया। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खैरागढ़ के अस्पताल को तत्काल बंद कराया गया है। वहीं, दुर्ग स्थित वीवाई अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए कलेक्टर और सीएमएचओ दुर्ग को प्रतिवेदन भेजा गया है।
गांव में शिविर लगाकर मुफ्त इलाज का दिया गया था भरोसा
16 नवंबर को वीवाई अस्पताल में प्रशासन की छापेमारी के दौरान बालोद और अंबिकापुर क्षेत्र के कई मरीज मिले थे। इनमें बालोद जिले के तिर्खेदी निवासी कन्हैया, हरि राव सहित चार मरीजों ने जांच अधिकारियों को बताया कि उनके गांव में एक दिन पहले राजनांदगांव के अपेक्स अस्पताल के नाम से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था।
मरीजों के मुताबिक, उन्होंने शिविर में कमर दर्द, पैर दर्द और घुटनों में दर्द की शिकायत की थी। इस दौरान अपेक्स अस्पताल के कर्मचारियों ने दुर्ग स्थित वीवाई अस्पताल को भी अपना बताते हुए वहां मुफ्त इलाज की सुविधा मिलने की जानकारी दी थी। मरीजों ने शिविर में मिली अपेक्स अस्पताल की पर्चियां भी जांच अधिकारियों को दिखाई थीं।
मरीज की आपबीती: कभी वीवाई अस्पताल नहीं गया, फिर भी भर्ती दिखाया
राजनांदगांव जिले के बासुला निवासी रोहित कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को थकान और पीठ दर्द की परेशानी होने पर वह ठेलकाडीह स्थित एसएस अस्पताल गया था। उसी दिन दोपहर करीब 12 बजे उसे आयुष्मान कार्ड के माध्यम से अस्पताल में भर्ती किया गया।
रोहित के अनुसार, शाम को तबीयत में थोड़ा सुधार होने पर उसने घर जाने की बात कही। इसके बाद वह चार दिनों तक घर से अस्पताल आता-जाता रहा। बाद में उसे दोबारा बुलाकर अंगूठा लगवाया गया और डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि, उसे डिस्चार्ज पर्ची वीवाई अस्पताल के नाम से दी गई।
रोहित का आरोप है कि डिस्चार्ज पर्ची में उसे 14 से 20 अक्टूबर तक दुर्ग के वीवाई अस्पताल में भर्ती दर्शाया गया और उसकी बीमारी सीवियर सेप्सिस लिखी गई, जबकि वह कभी दुर्ग स्थित वीवाई अस्पताल गया ही नहीं था।
अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई के दिए संकेत
सीएमएचओ खैरागढ़ डॉ. अनिल शुक्ला के अनुसार, रोहित की शिकायत की जांच चार सदस्यीय टीम से कराई गई थी। ठेलकाडीह स्थित अस्पताल को तत्काल बंद कराया गया है और दुर्ग के अस्पताल पर कार्रवाई के लिए जांच प्रतिवेदन कलेक्टर एवं सीएमएचओ दुर्ग को भेजा गया है।
वहीं, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि खैरागढ़ सीएमएचओ कार्यालय की जांच रिपोर्ट में मरीजों के बयानों से संबंधित जानकारी अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसे यहां की कार्रवाई में शामिल किया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच में सामने आई खामियों और मरीजों की शिकायतों के बाद अब दुर्ग स्थित वीवाई अस्पताल के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई पर नजर है। आयुष्मान योजना के तहत मरीजों के इलाज और क्लेम से जुड़े रिकॉर्ड की जांच इस मामले में अहम साबित हो सकती है।

